मनाव विहार स्थित गोदाम में लगी हुई आग खड़े लोग
- फोटो : AMBALA
अंबाला सिटी। शहर अनाज मंडी में गेहूं के स्टॉक में लगी आग अभी बुझी नहीं थी कि सोमवार की सुबह शहर के मानव चौक स्थित एक प्लास्टिक पाइप के दो मंजिला गोदाम में आग लग गई। गोदाम मालिक की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। धुआं भी देर शाम तक उठता रहा।
जानकारी के अनुसार मानव चौक स्थित एक पाइप बनाने वाली फैक्टरी के दोमंजिला गोदाम में सोमवार सुबह आग लग गई। इसके बाद स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने गोदाम मालिकों और फायर ब्रिगेड को सूचना दी और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। गोदाम के मालिक एवं गंगा ट्यूब शोरूम के संचालक राम कुमार व सतीश कुमार ने बताया कि आग सोमवार सुबह करीब 9 बजे गोदाम में लगी। आग की सूचना पाते ही समीप लगते दुकानदारों ने फैक्टरी में रखे पाइपों के बंडल, प्लास्टिक दाना के कट्टे व अन्य सामान निकालना शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद लोगों की मदद से लाखों रुपये का सामान जलने से बचा लिया। लेकिन अधिकतर माल गोदाम में ही रह गया था, जिसमें लगातार आग भड़कती रही। फायर गाड़ी आने से पहले ही अन्य दुकानदारों व लोगों ने पानी के पाइपों द्वारा लगी आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन प्लास्टिक होने के कारण आग व धुआं लगातार भभकता रहा।
सीढ़ी से ऊपरी मंजिल पर पहुंचे कर्मचारी
करीब आधे घंटे के बाद फायर बिग्रेड की दो गाड़ियां व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। फायर बिग्रेड कर्मचारी सीढ़ी द्वारा गोदाम की ऊपरी मंजिल तक पहुंचे। इसके बाद साथ लगती इमारतों के जरिये फायर बिग्रेड कर्मचारी गोदाम की छत पर पहुंचे। फायर बिग्रेड कर्मचारियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग का खतरा देखते हुए साथ लगती दुकानों के मालिकों ने भी अपना सामान बाहर निकालकर सुरक्षित जगह पर पहुंचाया। गोदाम मालिक के अनुसार आग का कारण शॉर्ट सर्किट है। देर रात तक नुकसान का आंकलन नहीं हो पाया था।