अंबाला सिटी। की टिल्ले वाले मंदिर गली में मंगलवार तड़के ओबराय बेकरी में आग लग गई। आग को बुझाने के प्रयास में बेकरी के ही एक सेल्समैन की बाजू की नस किसी नुकीली चीज लग जाने की वजह से कट गई।
उसे तुरंत शहर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत देखते हुए चंडीगढ़ सेक्टर-32 के सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया।। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
सर्राफा बाजार में तैनात सिक्योरिटी गार्ड राकेश व गनमैन ध्यान सिंह ने बेकरी के शटर के चारों ओर से धुआं निकलते देखा तो उन्होंने बेकरी के कारिंदों को उठाया और स्वयं स्कूटर पर जाकर दमकल विभाग को सूचित किया। कारिंदों ने बेकरी संचालक भारत मलिक को हादसे की जानकारी दी।
फायर ब्रिगेड ने बेकरी के कारिंदों की मदद से लगी आग पर काबू पाया लेकिन इस बीच बेकरी का सामान कुछ आग के कारण तो कुछ पानी की बौछारों के कारण खराब हो चुका था।
बेकरी संचालक भारत मलिक ने बताया कि बेकरी के असली मालिक प्रमोद ओबराय इन दिनों कनाडा गए हुए हैं और उनके पीछे से वही बेकरी को संचालित करता था।