अंबाला छावनी के कच्चा बाजार स्थित पुल चमेली इलाके में वीरवार देर रात प्रजापति टेंट हाउस में आग लग गई। आग में टेंट मालिक के परिवार समेत नौ लोग काफी देर तक फंसे रहे।
धुएं के कारण तीन लोग बेहोश हो गए। दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुट गए हैं। आग लगने से पुल चमेली इलाके के लोगों में जबरदस्त हड़कंप की स्थिति बनी रही। मौके पर काफी संख्या में लोग व पुलिस भी जुटी रही।
जानकारी के अनुसार कैंट के कच्चा बाजार पुल चमेली इलाके में सुरेश प्रजापति टेंट हाउस मौजूद है। इसके नीचे बहुत बड़ा गोदाम है। पहली मंजिल पर टेंट हाउस के वर्कर और दूसरी मंजिल पर मालिक का परिवार रहता है।
वीरवार देररात अचानक टेंट हाउस के ग्राउंड फ्लोर पर बने गोदाम में आग लग गई।
ये आग गोदाम के अंदरूनी हिस्से से लगनी शुरू हुई और देखते ही देखते इस आग ने पूरे गोदाम को अपने अपनी चपेट में ले लिया।
इसी आग की वजह से धुएं का जबरदस्त गुब्बार ऊपर मंजिलों तक पहुंचने लगा और घर क दीवारें एकदम से तेज गरम होने लगी। दूसरी व तीसरी मंजिल पर सो रहे लोगों को कुछ गड़बड़ का अहसास हुआ और जब उन्होंने देखा तो नीचे गोदाम धू-धूकर जल रहा था। जबकि नीचे उतरने की सीढ़ियां भी आग और धुएं की जबरदस्त चपेट में थी।
इसी दौरान फंसे लोगों ने मदद के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया और वहां धुआं और शोर देखकर आसपास के लोग व राहगीर पहुंच गए और तुरंत फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी गई।
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने वहां पहुंचकर सबसे पहले आग में फंसे लोगों को निकालने के लिए सीढ़ी दूसरी मंजिल पर लगाई और वर्करों को निकाला। तीनों वर्कर धुएं की वजह से बेहोश हो गए थे। जिनमें से एक विकलांग था।
उधर, टेंट मालिक के परिवार में दो महिलाएं, एक दो दिन की बच्ची व अन्य बच्चों को फटाफट से साथ लगी एक
दूसरे घर की छत पर लाया गया और वहां से दूसरे घर से उनका निकाला गया। एहतियातन इस टेंट हाउस के आसपास मकानों को भी तुरंत खाली करवाया गया।
फायर बिग्रेड कर्मियों को गोदाम के एकदम भीतर लगी आग की वजह से बने धुएं के गुब्बार की वजह से आग को काबू पाने में बहुत ज्यादा दिक्कत पेश आ रही थी। देररात तक आग बुझाने का काम जारीरहा, मगर टेंट हाउस में रखा काफी ज्यादा टैंट व अन्य कैटरिंग का सामान इत्यादि जल कर खाक बना चुका था। देररात तक बचाव कार्य जारी रहा।