अंबाला। छावनी के हिल रोड स्थित सब्जी मंडी की गली में आज शाम एक खंडहरनुमा मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। यह मकान करीब 35 वर्षों से बंद पड़ा था और इसमें जमा सूखे कूड़े के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। जिसके बाद दमकल विभाग और थाना कैंट पुलिस मौके पर पहुंची।
सुरक्षा की दृष्टि से एहतियातन इलाके की बिजली आपूर्ति बंद करवाई गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग बुझाने के इस अभियान में फायरमैन अनिल और फोरमैन अजय की मुख्य भूमिका रही। उन्होंने समय रहते आग को आसपास के रिहायशी मकानों तक फैलने से रोक लिया।
विज्ञापन
पड़ोसी सुमित ने बताया कि यह मकान पिछले करीब 35 सालों से बंद पड़ा है। इसकी छत भी काफी समय पहले गिर चुकी है। मकान के मालिक बाहर रहते हैं। जर्जर मकान के मुख्य दरवाजे पर जीएस रोहिला रिटायर्ड पोस्टमास्टर की पुरानी तख्ती लगी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान खाली होने के कारण लोग इसमें कूड़ा-कचरा फेंक देते थे।
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शाम के समय इसी जमा हुए कचरे में अचानक आग लग गई थी। दमकल विभाग के समय पर पहुंचने से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।