अंबाला सिटी। जिले में धान के अवशेष (पराली) जलाने के मामलों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में ब्लॉक एग्रीकल्चर ऑफिसर अंबाला-1 की शिकायत पर थाना सदर में दो किसानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा की गई औचक जांच के दौरान खेत में आगजनी के पुख्ता सबूत मिलने के बाद यह कदम उठाया गया है।
हरियाणा डीजी, पंचकूला द्वारा ऑनलाइन माध्यम से एक लोकेशन भेजी गई थी। इस लोकेशन के आधार पर हल्का पटवारी, ग्राम सचिव और कृषि कार्यकर्ता सहित एक संयुक्त टीम ने ग्राम सतर्कता कमेटी के साथ मौके का मुआयना किया। जांच के दौरान पाया गया कि मुरब्बा नंबर 134 और किला नंबर 6 (कुल रकबा 1 कनाल 2 मरले) में धान के अवशेषों को जलाया गया था। मौके पर पटवारी ने जमीन की तसदीक की। इसके बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह भूमि बहादुर और नवनीत के नाम दर्ज है।
-
इन धाराओं के तहत हुई प्राथमिकी
बीएओ अंबाला-1 दर्शन द्वारा दी गई लिखित शिकायत, रिपोर्ट, जले हुए खेत की फोटो तथा जीपीएस कोऑर्डिनेट्स के आधार पर लोक सेवक द्वारा जारी किए गए कानूनी आदेश (पराली न जलाने के प्रतिबंध) की अवहेलना करना 223(ए), जनस्वास्थ्य के लिए हानिकारक या खतरनाक वातावरण/धुआं पैदा करना 280 और पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम 1986 की धारा 15 यानी पर्यावरण प्रदूषण और नियमों के उल्लंघन के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।जांच धिकारी नरेश कुमार ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।