संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूरेवाला का शुक्रवार को औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में असुरक्षित घोषित किए गए पांचों कमरों के ध्वस्तीकरण और साइट की स्थिति का जायजा लिया। सभी कमरों को गिराकर मलबा पूरी तरह साफ किए जाने पर उन्होंने गहरी संतोषजनक प्रतिक्रिया व्यक्त की। इस दौरान डीईओ ने कहा कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग का मुख्य ध्येय अब अंबाला जिले में आगामी बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत (100%) परिणाम हासिल करना है।
इतिहास विषय पर विशेष फोकस
निरीक्षण के बाद डीईओ ने 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों की विषयवार समीक्षा की। समीक्षा में सामने आया कि 10वीं का रिजल्ट 97 प्रतिशत और 12वीं का 69 प्रतिशत रहा है। इतिहास विषय को छोड़कर बाकी सभी विषयों में बच्चों का प्रदर्शन शत-प्रतिशत रहा। इतिहास के प्राध्यापक नरेश कुमार ने बताया कि पिछले साल स्वास्थ्य समस्याओं और छात्रों की कम रुचि के कारण परिणाम पर असर पड़ा था, लेकिन इस बार शिक्षकों की टीम ने नियमित अटेंडेंस, लगातार टेस्ट और कमजोर बच्चों पर विशेष कार्ययोजना तैयार की है। इसके चलते अर्धवार्षिक परीक्षाओं में सुधार देखा गया है।
रंगों से सजा रिजल्ट रजिस्टर बना जिले के लिए प्रेरणा
दौरे के दौरान राजनीतिक विज्ञान के पीजीटी लख्मीर सिंह द्वारा तैयार किए गए रिजल्ट रजिस्टर ने डीईओ का विशेष ध्यान खींचा और उन्होंने इसकी जमकर सराहना की। इस अनूठे रजिस्टर में लाल रंग से 50% से कम अंक पाने वाले छात्र, पीले रंग से 50% से 80% अंक पाने वाले छात्र और हरे रंग से 80% से अधिक अंक पाने वाले छात्रों को शामिल किया गया है। इस रजिस्टर में हर 15 दिन बाद होने वाले टेस्ट का तिथि-वार रिकॉर्ड और प्रधान सचिव स्कूल शिक्षा हरियाणा विजय सिंह दहिया के सफलता मिशन के दिशा-निर्देश भी शामिल थे। डीईओ ने इसे एक बेहतरीन नवाचार बताते हुए जिले के अन्य शिक्षकों को भी इसी तर्ज पर विद्यार्थियों की प्रगति ट्रैक करने को कहा।
-
सोशल मीडिया से दूर रहें बच्चे, पीटीएम बने संवाद का सशक्त माध्यम
शिक्षकों को संबोधित करते हुए सुधीर कालड़ा ने निर्देश दिए कि अभिभावक-शिक्षक बैठक को केवल औपचारिकता न बनाया जाए। इसके जरिए हर माता-पिता को सफलता मिशन से जोड़ा जाए। उन्होंने विशेष रूप से चेताया कि अभिभावक बच्चों को सोशल मीडिया के अनावश्यक और अत्यधिक उपयोग से दूर रखें, ताकि उनके मानसिक विकास और पढ़ाई पर कोई बुरा असर न पड़े।
-
पंचकूला की घटना से लें सबक, ज्ञान संस्कार मंच पर जोर
पंचकूला में हाल ही में घटी एक अप्रिय घटना का हवाला देते हुए डीईओ ने कहा कि स्कूलों की जिम्मेदारी केवलता किताबी ज्ञान देना या रटने वाले छात्र तैयार करना नहीं है। बच्चों में अनुशासन, सहनशीलता, मानवीय मूल्य और सकारात्मक सोच विकसित करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि हर दिन प्रार्थना सभा में ज्ञान संस्कार मंच की गतिविधियां कराई जाएं, ताकि बच्चे हिंसक प्रवृत्तियों से दूर रहकर देश के जिम्मेदार और अच्छे संस्कारों से युक्त नागरिक बन सकें।
-
85 स्कूलों के 260 असुरक्षित कमरे जमींदोज
शिक्षकों के साथ चर्चा में डीईओ सुधीर कालड़ा ने बताया कि अंबाला जिले के करीब 85 स्कूलों में लगभग 260 कमरे असुरक्षित घोषित किए गए थे। प्रधान सचिव स्कूल शिक्षा विजय सिंह दहिया के मार्गदर्शन, डीसी सचिन गुप्ता के सहयोग, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंताओं और समग्र शिक्षा अभियान की टीम के सामूहिक प्रयासों से इन सभी जर्जर कमरों को हटाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। प्रशासनिक तालमेल से बच्चों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में यह एक सराहनीय कदम है।
अंबाला सिटी के भूरेवाला गांव के स्कूल का औचक निरीक्षण करते डीईओ। विभाग- फोटो : samvad