संवाद न्यूज एजेंसी
मुलाना। कलालटी-कल्याणा लिंक रोड पर दो भाइयों पर फायरिंग और हमला करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए जाने के बाद चौकी प्रभारी विश्वबंधू का तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह उप निरीक्षक प्रवीण कुमार ने कार्यभार संभाल लिया है। वहीं, घायल बलविंद्र सिंह निवासी ठाकुरपुरा कलालटी के बयान पर पुलिस ने 16 नामजद समेत एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं।
जांच अधिकारी प्रमोद राणा ने बताया कि नामजद आरोपियों में कलालटी निवासी अभिषेक उर्फ शेखर, अनिल कुमार, राहुल, अनमोल, अक्षय, बिंदर उर्फ जेडा, प्रिंस, राय सिंह, बब्बू फौजी, कालू, जोगी, कार्तिक, रितिक, आयु उर्फ तुषार, मांगा खान और युधिष्ठिर शामिल हैं। इनके अलावा एक अज्ञात आरोपी को भी मामले में शामिल किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
प्रमोद राणा के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से सफेद रंग की हुंडई आई-20 कार बरामद हुई, जिसकी नंबर प्लेट बदली हुई थी। कार के अंदर गन्ना काटने के कटर, गंडासा, डंडे समेत अन्य हथियार मिले। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर क्राइम टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों से जांच करवाई। मौके से 7.65 एमएम का कारतूस, खून से सना कपड़ा, क्षतिग्रस्त बाइक और कार के टूटे हुए हिस्सों समेत अन्य सामान भी कब्जे में लिया गया।
पहले भी हवाई फायर कर दी थी धमकी
शिकायतकर्ता बलविंद्र के भाई बलबीर के अनुसार, एक सितंबर की रात भी आरोपियों ने ठाकुरपुरा कलालटी गांव में घर के बाहर हवाई फायर किए थे और जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, करीब 11:30 बजे दो युवक बाइक पर आए और धर्म सिंह के घर के बाहर दो हवाई फायर किए। आरोप है कि युवकों ने बताया था कि उन्हें अनिल वालिया, युधिष्ठिर पाल उर्फ बिंटू और अभिषेक उर्फ शेखर ने भेजा है। पुलिस ने मौके से गोली का खोल बरामद कर मामला दर्ज किया था। बलविंद्र के भाई बलबीर ने आरोप लगाया कि इस मामले में समय रहते कार्रवाई नहीं हुई।
यह था मामला
15 सितंबर की सुबह करीब साढ़े सात बजे बलविंद्र सिंह और उसका बड़ा भाई राज सिंह उर्फ राजू बाइक पर खेत से पशु चारा लेकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कलालटी-कल्याणा लिंक रोड पर पीछे से आई दो कारों और कईं बाइकों में सवार युवकों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। आरोप है कि इसके बाद कार सवार युवकों ने हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। शिकायतकर्ता के अनुसार अभिषेक उर्फ शेखर के हाथ में पिस्तौल थी और उसने उसकी ओर फायर किए। दोनों भाइयों ने खेतों की ओर भागकर अपनी जान बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान अभिषेक उर्फ शेखर द्वारा किए गए एक फायर से बलविंद्र की दाहिनी टांग की पिंडली में गोली लगने का आरोप है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने दोनों भाइयों का पीछा किया और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान हमलावरों की एक कार भी खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। आरोपी कार और बाइक को मौके पर छोड़कर भाग गए थे।
-
आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही हमलावरों को काबू कर लिया जाएगा। गांव में पूरी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात कर दी गई है। - प्रमोद राणा, प्रभारी, मुलाना थाना।