अंबाला। उत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में यात्रा कर रही जम्मू की एक युवती का बैग चोरी हो गया था। इस मामले में जीआरपी ने करीब दो साल बाद प्राथमिकी दर्ज की है। चोरी की यह वारदात 25 सितंबर 2024 को हुई थी, जिसकी जीरो एफआईआर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दर्ज कराई गई थी। अब मामले की गंभीरता और सीडीआर लोकेशन को देखते हुए जीआरपी अंबाला कैंट ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जम्मू निवासी पीड़िता वैशाली शर्मा ने बताया कि अपनी सहेली रश्मि और स्कूल के बच्चों के साथ स्पोर्ट्स इवेंट के लिए पांडुचेरी जा रही थीं। 24 सितंबर 2024 की रात करीब 9:45 बजे वह जम्मूतवी से ट्रेन संख्या 12446 उत्तर संपर्क क्रांति में सवार हुईं। 25 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे जब ट्रेन अंबाला कैंट स्टेशन पर धीमी हुई, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका ग्रे रंग का बैग चोरी कर लिया। पुलिस जांच के दौरान चोरी हुए मोबाइल फोन की सीडीआर निकाली गई। चौकाने वाली बात यह है कि मोबाइल की आखिरी लोकेशन मकान नंबर 152, मोहल्ला उस्ताद, कच्ची छावनी, जम्मू पाई गई। इसी आधार पर पीड़िता ने फरवरी 2026 में जीआरपी जम्मू में अपना दोबारा बयान दर्ज कराया, जिसे अब अंबाला पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया है।
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उन बिलों की प्रतीक्षा कर रही है, जिससे चोरी हुए सामान की सही कीमत आंकी जा सके। मोबाइल की लोकेशन जम्मू में मिलने के कारण पुलिस की एक टीम वहां भी दबिश देगी। -हरीश कुमार, प्रभारी जीआरपी,अंबाला।