विगत दिनों सिटी के नयागांव इलाका के पास गुजर रहे रेलवे ट्रैक पर एक किशारी संदिग्ध हालत में कटकर मर गई थी। पुलिस ने इस मामले में किशोरी का पोस्टमार्टम करवाकर शव वारिसों को सौंप दिया था। लेकिन इस मामले अब जीआरपी पुलिस ने एक किशोर के खिलाफ किशोरी की हत्या करने का मामला दर्ज कर लिया है।
ये मुकदमा किशोरी के भाई की शिकायत पर दर्ज किया गया है। उधर, जिस किशोर के खिलाफ पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है, वे अभी फरार है।
ट्रैक पर कटा मिला था किशोरी का शव
उल्लेखनीय है कि कुछेक दिन पहले सिटी में एक नयागांव इलाके में रेलवे लाइन पर किशोरी का शव मिला था। शव ट्रेन की चपेट में आने की वजह से बुरी तरह से कटा हुआ था।
जीआरपी ने शव बरामद कर लिया था और थोड़ी देर में ही किशोरी की शिनाख्त सिटी निवासी के रूप में हो गई थी। जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव वारिसों को सौंप दिया था और इस बात की जांच शुरू कर दी थी कि किशोरी यहां रेलवे लाइन पर कैसे पहुंची?
भाई ने किया बहन की मौत का खुलासा
अब इसी मामले में जीआरपी को दी शिकायत में मृतक किशोरी के भाई ने जीआरपी को शिकायत देकर अपनी बहन की मौत का खुलासा किया है। भाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन को कई दिनों से एक किशोर तंग करता था और उसका लगातार पीछा करता था।
भाई के अनुसार उसकी बहन किशोर की आदतों से तंग थी। लेकिन विगत दिनों किशोर उसकी बहन को बरगलाने में कामयाब हो गया और उसे लेकर चल दिया। भाई का आरोप है कि आरोपी किशोर ही उसकी बहन को यहां रेलवे ट्रेक पर लाया और उसे जबरन अपने साथ ले जाना चाहता था।
मगर बाद में उस किशोर ने उसकी बहन को चलती ट्रेन के आगे धक्का दे दिया। जिससे उसकी बहन की मौत हो गई। जीआरपी ने फिलहाल भाई की शिकायत पर किशोर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और किशोर की तलाश शुरू कर दी है। मगर आरोपी किशोर अभी फरार है।