मोहड़ा गांव में एक रिसेप्शन पार्टी में उस वक्त खलल पड़ गया, जब पार्टी में आए कुछ युवकों ने किसी बात पर हुई कहासुनी के बाद न केवल दूल्हे के भाई को ही पीटा, बल्कि बीच बचाव करने आई उसकी पत्नी को भी पीट दिया।
झगड़ा मामूली बात को लेकर हुआ था। युवकों ने दूल्हे के भाई के सिर पर खाली शराब की बोतल दे मारी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। झगड़े में बीच बचाव करवाने आई घायल की पत्नी को भी युवकों ने पीटा।
उधर, घायल को सिविल अस्पताल भर्ती करवाया गया है, जबकि पुलिस को भी शिकायत दे दी गई है। इस दौरान पूरी पार्टी के रंग में भंग पड़ गया।
मोहड़ा निवासी घायल दलबीर सिंह ने बताया कि विगत देर रात उसके भाई की शादी की पार्टी चल रही थी। इसी दौरान शादी में आए कुछ युवक दूल्हे के भाई दलबीर सिंह के साथ किसी बात को लेकर बहस करने लगे।
बहस के दौरान युवकों ने शराब की बोतल दलबीर सिंह के सिर में दे मारी और अन्य युवक उसके साथ मारपीट करने लगे।
घायल दलबीर सिंह की पत्नी ने जब देखा कि कुछ युवक उसके पति के साथ मारपीट कर रहे है। तो वह अपने पति को बचाने के लिए, लेकिन युवकों ने उसकी पत्नी सुनीता के साथ भी मारपीट शुरू कर दी।
भाभी के साथ मारपीट देख बचाने आए रिंकू को भी युवकों ने बुरी तरह से पीटा और फरार हो गए। इसके बाद सभी घायलों को कैंट के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सभी उपचाराधीन हैं।
उधर, इलाका पुलिस का कहना है कि अभी घायल के बयान लिए जा रहे हैं, उसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।