बाल सुधार गृह अंबाला में एक बार फिर जमकर मारपीट हुई। इस बार बाल सुधार गृह में रह रहे तीन नाबालिगों ने दो कर्मचारियों के साथ मारपीट की। पिटने वालों में हाउस फादर और वार्डर अशोक कुमार शामिल हैं। पिटाई के बाद वार्डर अशोक कुमार ने पूरे मामले की सिटी थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने तीन नाबालिगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि अंबाला बाल सुधार गृह में 7 माह के भीतर यह दूसरी बड़ी वारदात हुई है। इससे पहले 13 अप्रैल को बाल सुधार गृह में रह रहे नाबालिगों पर लाठियां बरसाई गई थी। इसमें करीब एक दर्जन नाबालिग घायल हुए थे व एक बाल बंदी की टांग की हड्डी भी इस वारदात में तोड़ दी गई थी। वहीं इससे पहले इसी बाल सुधार गृह से 9 बाल बंदी दीवार को फांदकर फरार हुए थे। पिछले दोनों बड़े मामलों में केवल इक्का-दुक्का कर्मचारी पर गाज गिरा मामले को रफा-दफा कर दिया गया था। इसी का परिणाम है कि एक बार फिर यहां रह रहे नाबालिग उग्र हो गए और उन्होंने इस बार कर्मचारियों की पिटाई कर दी।
यह है पूरा मामला
अंबाला शहर स्थित ऑर्ब्जवेशन होम में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी वार्डन अशोक कुमार और हाउस फादर बलविंद्र सिंह के साथ तीन नाबालिग ने मारपीट की है। सिटी थाना पुलिस ने तीनों नाबालिगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल मुलाजिम अशोक कुमार ने बताया कि 11 दिसंबर सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक उसकी ड्यूटी थी।
मुलाजिम ने बताया कि उसके साथ में हाउस फादर बलविंद्र सिंह भी ड्यूटी पर ऑर्ब्जवेशन होम के अंदर ही मौजूद थे। उनकी ड्यूटी बच्चों पर निगरानी करने की है और बुधवार दोपहर साढ़े 12 बजे ऑर्ब्जवेशन होम अंबाला में बैठे थे। इसी बीच में आर्ब्जवेशन होम में रखे गए तीन नाबालिग आए और उन पर हमला कर दिया। नाबालिग ने आर्ब्जवेशन में खेलने वाले कैरम बोर्ड को पहले तोड़ा और उसके बाद तोड़े गए हिस्से के साथ वार्डर और फादर होम के साथ मारपीट की वारदात को अंजाम दिया है। जब उन्होंने शोर मचाया तो ड्यूटी पर तैनात हेड वार्डर राम रत्न और वार्डर बलविंद्र भी अंदर आ गए। इसके बाद उन नाबालिग हमलावरों से उनको बचाया गया। घायल ने आरोप लगाया है कि ऑर्ब्जवेशन होम के नाबालिग ने जान से मार देने की धमकी भी दी है।
इसलिए हुए बाल सुधार गृह के नाबालिग उग्र
पिछले प्रकरण में जब नाबालिगों पर लाठियां बरसाई गई थी तो यह आरोप लगाए गए थे कि नाबालिग उग्र हो गए थे और उन्हें शांत करने के लिए पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी। वहीं इस बार भी नाबालिग उग्र हो गए। ऐसे में वह क्या कारण हैं जिनके चलते यहां रह रहे जुवेनाइल बार-बार उग्र हो रहे हैं।