जिल स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पकड़े गए अंतर्राज्यीय भ्रूण लिंग जांच गिरोह के सदस्यों पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। लुधियाना पुलिस ने इस मामले में रत्न अस्पताल के डॉ. अमरजीत सिंह के अलावा दोनों महिला दलाल वर्षा और रानी पर भी केस दर्ज कर लिया है।
हालांकि टीम की कार्रवाई के 24 घंटे बाद लुधियाना पुलिस ने यह केस दर्ज किया। डॉक्टर बलविंद्र ने बताया कि इस मामले में लुधियाना पुलिस ने पीएनडीटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, पुलिस को इस मामले में दो अन्य महिला दलालों की तलाश है। इन महिलाओं के पास से 31 हजार रुपये की रिकवरी भी लुधियाना पुलिस को करनी है। बता दें कि मंगलवार-बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे अंबाला के स्वास्थ्य विभाग से डॉ. बलविंद्र कौर, डॉ. विजय वर्मा, डॉ. कौशल, डॉ. समीर सिंगला ने शिकायत देते हुए केस दर्ज करने की अनुशंसा की थी।
2017 में भी अंबाला की टीम ने की थी कार्रवाई
डॉ. बलविंद्र कौर उप सिविल सर्जन अंबाला ने बताया कि इसी अस्पताल पर वर्ष 2017 में तत्कालीन डॉ. बीबी लाला की अगुवाई में छापामारी की गई थी। उस दौरान भी यहां भ्रूण लिंग जांच हो रही थी। इसीलिए विभाग की टीम ने यहां की मशीन को सील करवा दिया था।