टक्कर के बाद ट्रक के अंदर फंसी कार
- फोटो : Ambala
अंबाला-दिल्ली हाईवे स्थित शास्त्री कॉलोनी कट पर लगी ट्रैफिक लाइटें शनिवार एक बार फिर हादसे का कारण बन गईं। जैसे ही एक कार दिल्ली की तरफ से लाइटों पर रुके ट्रक के पीछे आकर रुकी तो तेजरफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादस में गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कार का अगला हिस्सा ट्रक के पीछे फंस गया। हादसे में फिरोजपुर के डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डॉ. राजिंद्र मनचंदा सहित उनका परिवार कार में फंस गया।
राहगीरों और ट्रैफिक पुलिस की मदद से परिवार में शामिल दो महिलाओं सुमन, परमजीत कौर सहित डॉ. राजिंद्र मनचंदा और उनके भाई अशोक, पवन और ड्राइवर रोबिन को बाहर निकाला और अस्पताल में दाखिल करवाया। गनीमत यह रही कि कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को लेकर चालक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। हादसे में घायल ड्राइवर रोबिन गांव कूचापरसिया फिरोजपुर का रहने वाला है और डॉ. रोजिंद्र मनचंदा व उनका परिवार फिरोजपुर के विकास विहार का रहने वाला है।
शास्त्री कॉलोनी कट पर खड़ी कार में ट्रक ने टक्कर मार दी। घायलों को अंबाला शहर के हीलिंग टच ले जाया गया था। ट्रक चालक के खिलाफ आपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
- देवेंद्र सिंह, थाना प्रभारी, पड़ाव