संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। अंबाला रोड पर आरकेएम पैलेस के सामने 20 अगस्त को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल सरकारी कॉलेज की गणित विभाग की एचओडी डॉ. इंदू गाबा (45) की 23 दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद उन्हें चंडीगढ़ के हायर सेंटर में भर्ती कराया गया था। करीब तीन सप्ताह तक उपचार के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
डॉ. इंदू के पति अश्वनी गाबा ने बताया कि 20 अगस्त को उसकी पत्नी डॉ. इंदू गाबा अपनी 18 वर्षीय बेटी के साथ स्कूटी पर जा रही थीं। आरकेएम पैलेस के सामने पहुंचने पर एक कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में डॉ. इंदू को गंभीर चोटें आई थीं। परिजनों ने उनकी हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ के हायर सेंटर में दाखिल कराया था।
-
पति ने पुलिस कार्रवाई पर जताया असंतोष
डॉ. इंदू के पति अश्वनी गाबा ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताया है। उनका कहना है कि हादसे को 23 दिन बीत चुके हैं और अब उनकी पत्नी की भी मौत हो गई, लेकिन मामले में जिम्मेदार कार चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
-
तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
अश्वनी गाबा ने कहा कि पत्नी की मौत से पूरा परिवार उजड़ गया है। उनके पीछे दो बेटियां और एक बेटा हैं। परिवार ने हादसे के जिम्मेदार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।