अंबाला। सिटी की नई अनाजमंडी में शेड के नीचे ट्राली लगाने को लेकर आढ़ती पिता-पुत्र ने अकाउंटेंट पर चाकू व डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में ईस्ट दुर्गा नगर निवासी ज्ञान चंद गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर मचने पर अन्य आढ़ती व मजदूर मौके पर पहुंचे और बीचबचाव किया। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए सिटी के ट्रामा सेंटर लाया गया। पुलिस ने घायल अकाउंटेंट की शिकायत पर आढ़ती जतिंद्र सिंह व उसके बेटे गौरव पर मामला दर्ज किया है।
विज्ञापन
शिकायत में घायल ज्ञान चंद ने बताया कि वह पिछले 32 वर्षों से मंडी में दुकान नंबर-124 पर बतौर अकाउंटेंट का काम कर रहा है। शनिवार दोपहर दो बजे मंडी की शेड नंबर-2 के फड़ पर ट्राली लगवा रहा था। इस बीच दुकान नंबर-125बी के मालिक जतिंद्र सिंह व उसका छोटा बेटा गौरव आए। बहस करने के बाद देखते ही देखते आढ़ती पिता-पुत्र ने उस पर बिंडे व चाकू से हमला कर दिया। अकाउंटेंट के गर्दन, मुंह और सिर पर गहरी चोटें आई।