साहा की अनाजमंडी में राज्य स्तरीय किसान मेले में पहुंचे कृषि मंत्री। संवाद
साहा। प्राकृतिक खेती भारत की प्राचीन और पारंपरिक कृषि पद्धति है, जिसे अपनाकर हम न केवल स्वयं स्वस्थ रह सकते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी एक रोगमुक्त भविष्य दे सकते हैं। हरियाणा के कृषि, मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्याम सिंह राणा ने मंगलवार को अनाज मंडी में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय किसान मेले में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचकर यह जानकारी दी। उन्होंने आह्वान किया कि किसान कम से कम एक एकड़ भूमि से प्राकृतिक खेती की शुरुआत करें और रसायनों के चंगुल से धरती को मुक्त कराएं।
देसी गाय पर 30 हजार की सब्सिडी और मंडियों का विस्तार
कृषि मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती में देसी गाय की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार प्रत्येक देसी गाय की खरीद पर 30 हजार रुपये की सब्सिडी दे रही है। इसके साथ ही, प्राकृतिक उत्पादों की सुगम बिक्री के लिए गुरुग्राम और हिसार में विशेष मंडियों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने साल 2025-26 तक प्रदेश की एक लाख एकड़ भूमि को प्राकृतिक खेती के दायरे में लाने का लक्ष्य रखा है। वित्तीय सहायता और प्रशिक्षण से संबंधित व्यवस्था की मंत्री ने किसानों को जानकारी दी, प्राकृतिक खेती अपनाने वालों को 10 हजार रुपये (4 हजार रुपये प्रति एकड़, अधिकतम 2.5 एकड़ तक) की वित्तीय सहायता दी जा रही है। जीवामृत तैयार करने के लिए ड्रमों पर 3 हजार रुपये की सब्सिडी और कुरुक्षेत्र स्थित गुरुकुल में तीन दिवसीय नि:शुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने किसानों से ब्लॉक स्तर पर इसके लिए पंजीकरण कराने की अपील की।
अधिकारियों को निर्देश और समस्याओं का निपटारा
मेले के दौरान कृषि मंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टाॅलों का अवलोकन किया और प्रगतिशील किसानों व बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की हर जनहितकारी योजना की जानकारी अंतिम किसान तक पहुंचनी चाहिए। कार्यक्रम के बाद, उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और पपलोथा गांव में बेगना व मारकंडा नदी के जलभराव की समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों को खोदाई और बांध मजबूत करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पूर्व विधायक संतोष चौहान सारवान, डॉ. पवन सैनी, एसडीएम विनेश कुमार, कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. जसविंद्र सिंह सैनी, एसडीओ आशीमा बंसल सहित कई गणमान्य और किसान मौजूद रहे।
साहा की अनाजमंडी में राज्य स्तरीय किसान मेले में पहुंचे कृषि मंत्री। संवाद