मुलाना। मुलाना क्षेत्र में पावर हाउस से नई बिजली लाइन बिछाने के कार्य के लिए किसानों ने विरोध जताया। भगेरडू पट्टी के किसानों ने खेतों में बिजली के पोल लगाए जाने का कड़ा विरोध किया। उन्होंने मौके पर काम रुकवाया और बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध कर रहे किसान लक्की, गुरविंद्र, जगमोहन जैन और निर्मल सिंह ने कहा कि विभाग बिना किसी पूर्व सूचना या सहमति के खेतों में पोल लगाने पहुंच गया, जो गलत है। किसानों का तर्क है कि खेतों के ऊपर से हाई-वोल्टेज लाइन गुजरने से गर्मियों में स्पार्किंग के कारण आग लगने का खतरा बढ़ जाएगा, जिससे उनकी सालभर की मेहनत राख हो सकती है।
इसके अलावा किसानों ने समस्या भी उठाई। उन्होंने बताया कि जिस गोहर के साथ लाइन लाई जा रही है, उसकी चौड़ाई मात्र साढ़े सोलह फीट है। यदि वहां बिजली के खंभे लग जाते हैं, तो फसल कटाई के समय कंबाइन मशीन का वहां से निकलना असंभव हो जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजली विभाग के एसडीओ ईश्वर सिंह मौके पर पहुंचे, उन्होंने बताया कि मुलाना में एक फीडर ओवरलोड चल रहा है। बिजली आपूर्ति सुचारू करने और लोड कम करने के लिए ही नई लाइन बिछाई जा रही है। उन्होंने बताया कि किसानों के विरोध के बाद फिलहाल काम रोक दिया गया है और आगामी शुक्रवार को किसानों के साथ बैठक कर समाधान निकाला जाएगा, वहीं किसान विक्रम, राम मूर्ति जैन, मनदीप और भीरा ने कहा कि यदि विभाग ने वैकल्पिक मार्ग नहीं तलाशा या उनकी सहमति के बिना काम शुरू किया, तो वह आंदोलन करने को मजबूर होंगे।