नारायणगढ़। मीरपुर गांव में खेत के रास्ते के मामूली विवाद पर एक किसान के घर में घुसकर पूरे परिवार पर पांच लोगों ने लाठी-डंडों व गंडासी से हमला कर दिया। हमले में किसान प्रवीन कुमार (45) का सिर फट गया व हाथ की हड्डी टूट गई। बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी मंजू व बेटे विशाल को भी बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि घर में घुसकर लोगों ने महिला के साथ भी अभद्रता की। मारपीट में गंभीर रूप से घायल किसान को अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल दाखिल करवाया गया, जहां वह उपचाराधीन है। नारायणगढ़ थाना पुलिस ने कृष्ण कुमार, दिनेश, प्रिंस, ललित और लक्की पर प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी।
मीरपुर गांव निवासी पीड़ित किसान प्रवीन कुमार (45) ने बताया कि बुधवार 13 मई दोपहर करीब 3 बजे जब वह अपने खेत की तरफ जा रहा था तो उसने देखा कि गांव के ही कृष्ण कुमार ने ट्रैक्टर से मिट्टी समतल करने वाला करा मारकर आम रास्ते को बहा दिया था। जब इसका विरोध किया तो कृष्ण कुमार और उसका बेटा दिनेश तैश में आ गए व गाली गलौज करने लगे। विवाद बढ़ता देख प्रवीन अपने घर लौट आया। आरोपियों ने उसके घर के बाहर आकर धमकियां देनी शुरू कर दी। उस समय पत्नी ने उसे कमरे में बंद कर दिया था तो बात आगे नहीं बड़ी। शाम को जब वह अपनी पत्नी और बेटे विशाल के साथ नारायणगढ़ से वापस गांव पहुंचा तो आरोपियों ने हमला कर दिया। जान बचाने के लिए घर में भाग तो आरोपी कृष्ण कुमार, दिनेश, प्रिंस, ललित और लक्की हाथों में डंडे, पत्थर व गंडासी से घर में घुसकर हमलाकर दिया।