मुलाना अनाज मंडी में अधिकारी को परेशानी बताते किसान। संवाद
मुलाना। अनाज मंडी में सूरजमुखी बेचने आए किसान सूरजमुखी में बार बार पंखा लगाने की बात से बिफर गए। किसानों के अनुसार सूरजमुखी की फसल में खरीद एजेंसी तीन और चार बार पंखा लगवा रही है। जोकि गलत है।
इससे फसल का वजन कम होने के साथ-साथ लेबर का व्यय भी काफी बढ़ जाता है। गुस्साए किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस बीच मौके पर आए सर्वेयर के व्यवहार से किसान अधिक नाराज हो गए और माहौल गर्म हो गया। काफी समय बाद किसानों व खरीद कर रहे वेयरहाउस विभाग के बीच फसल में केवल एक बार पंखा लगाने या अधिक कचरा होने पर दो पंखा लगाने पर सहमति बनी और खरीद सुचारू रूप से हो सकी।
दोपहर तक नहीं हो सकी खरीद
किसान बलविंद्र धनौरी, जय सिंह धनौरा, राकेश बधौली, रोहित, जगजीत सिंह होली, हरनाम सिंह धीन व अन्य ने बताया कि वो मंगलवार सुबह मुलाना अनाज मंडी में सूरजमुखी की फसल बेचने आए थे। उन्होंने बताया कि पहले तो पंखा अधिक लगवा रहे थे। इससे फसल का वजन कम हो जाता। पहले फसल में सिर्फ एक बार पंखा लगवाया जाता था। इस कारण से किसानों ने दोपहर तक सूरजमुखी की खरीद नहीं की। दोपहर करीब तीन बजे सुपरवाइजर प्रीतम ने उच्च अधिकारियों से बात कर किसानों को समझाया और किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी फसल में केवल एक बार पंखा लगाया जाएगा, लेकिन अधिक कचरा होने पर दूसरी बार भी पंखा लगाया जा सकता है। इससे किसान संतुष्ट नजर आए और फिर सूरजमुखी की खरीद शुरू हुई ।
वर्जन
सूरजमुखी की फसल से कचरा साफ करने को लेकर पंखा लगाया जाता है। किसानों से सहमति बन गई है कि फसल में अधिक कचरा होने पर दो बार पंखा लगाया जाएगा। नहीं तो केवल एक बार ही पंखा लगाया जाएगा। किसान संतुष्ट है।प्रीतम कुमार, सुपरवाइजर, वेयर हाउस