नारायणगढ़। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के नेताओं ने वीरवार को शुगर मिल बणौंदी में गन्ने की खोई से बनने वाली बिजली की पेमेंट किसानों के खाते में डालने हेतु मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम नारायणगढ़ को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र के किसान प्रति वर्ष चीनी मिल में अपना गन्ना डालते हैं। उनके द्वारा डाले गए गन्ने से जो खोई बनती है, वह खोई मिल में बिजली बनाने हेतु इस्तेमाल की जाती है। जिसकी पेमेंट करोड़ों रुपये में बनती है। वहीं करोड़ों रुपये गन्ने का बकाया चीनी मिल की ओर शेष है।
ज्ञापन में मांग की गई कि गन्ने की खोई से बनने वाली बिजली का पैसा तुरंत प्रभाव से किसान के खाते में डाला जाए। इस पंचायत में भाकियू के जिला सचिव राजीव शर्मा, प्रदेश सलाहकार रमेश राणा, खंड के प्रधान राजीव राणा, किसान नेता मदन पाल राणा, लक्की नंगौली, हरिओम नंगौली सहित अनेकों किसान नेताओं ने संबोधित किया।