अंबाला। शंभू बार्डर के पास सड़क हादसे में किसान की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पंजाब में जालंधर निवासी 62 वर्षीय प्यारा सिंह अपने परिवार संग सिंघू बॉर्डर से जश्न मनाकर वापस घर लौट रहे थे जैसे ही वह शंभू बॉर्डर पर पहुंचे तो शंभू बॉर्डर के पास जाम में उनकी कार फंस गई। जब काफी देर तक भी जाम नहीं खुला तो गाड़ी को निकालने का प्रयास करने के लिए वह स्थिति जांचने के लिए गाड़ी से नीचे उतर गए। जिस समय वह गाड़ी से उतरे उस समय दूसरी लेन में ट्रैफिक चल रहा था और वह जैसे ही सड़क पार करने लगे दूसरी ओर से आई बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और हादसा देखते ही परिवार सदस्य मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें शहर के नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रविवार को अंबाला शहर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।