संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट के अमर नगर में फंदे से लटकी मिली विवाहिता ज्योति बाला (42) के मायके पक्ष ने इंसाफ की गुहार लगाते हुए अंबाला के पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह से मंगलवार को मुलाकात की।
पिहोवा के गुरु नानक नगर से आए मृतका के पिता आनंद प्रकाश, भाई आशु, माता किरन बाला, चाची मधु, भाभी पूजा सहित अन्य परिजन का आरोप था कि 28 दिसंबर को आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। पति की गिरफ्तारी तो हो गई। लेकिन अभी भी जेठ, जेठानी व सास फरार चल रहे हैं, जो उनके परिवार को फोन पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाए। इस बीच स्थानीय पार्षद पर भी धमकाने का आरोप लगाया। एसपी अंबाला ने परिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक इंतजार करने की बात बोलते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
- 17 साल पहले हुआ था ज्योति का विवाह
मृतका के भाई पिहोवा निवासी आशु का कहना था कि उनकी बहन ज्योति बाला की शादी 17 साल पहले अमर नगर निवासी रवि कुमार से हुई थी। उनकी दो बेटियां है। शादी के बाद उन्हें पति व ससुराल पक्ष की तरफ से प्रताड़ित किया जा रहा था। कई बार पंचायती तौर पर फैसले हुए है। कुछ समय पहले ही महेश नगर थाने में ही बहन ज्योति ने ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दी गई। उन्होंने कहा कि ससुराल पक्ष ने फोन पर सूचना दी थी कि ज्योति की मौत हो गई है। भाई ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले पुलिस के आने से पहले ही शव को अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल ले गए थे। बाद में बताया गया कि बहन ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
मृतका ज्योति की फाइल फोटो