अंबाला सिटी। जग्गी कॉलोनी (फेस-3) में पुरानी रंजिश के कारण बाइक सवार दो युवकों ने थार गाड़ी रोककर एक ही परिवार पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। हमले में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि बीच-बचाव करने आई महिला के साथ भी मारपीट की गई। हमलावरों ने थार गाड़ी के शीशे, बोनट और टायर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान पीड़ित के बेटे की सोने की चेन भी गुम हो गई।
पीड़ित त्रिलोचन सिंह ने बताया कि उनका पड़ोसी गुरप्रीत सिंह अपनी संपत्ति बेचकर वहां से चला गया था। उनके द्वारा उस जमीन पर घर बनाने के कारण गुरप्रीत उनसे रंजिश रखने लगा। 15 सितंबर की शाम करीब 5 बजे जब वह थार गाड़ी से बाजार जा रहे थे, तभी स्पलेंडर बाइक सवार गुरप्रीत और इकबाल ने रास्ता रोक लिया।
विज्ञापन
गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने रॉड व डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर पीड़ित का बेटा गुरसेवक और पत्नी राजविंद्र कौर बचाने आए, तो उन पर भी हमला कर दिया गया। भीड़ जमा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
जांच अधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि बलदेव नगर थाना पुलिस ने पीड़ित त्रिलोचन सिंह की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी मंडौर निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ बंटी और जग्गी गार्डन निवासी इकबाल सिंह उर्फ लाडी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।