अंबाला। जिले में अत्यधिक बरसात और गंदे पानी के कारण तेजी से फैले आई फ्लू ने कई लोगों को चपेट में ले लिया। वीरवार को भी छावनी के नागरिक अस्पताल स्थित ओपीडी में आई फ्लू के मरीज बड़ी संख्या में पहुंचे। विदित हो कि रोजाना सिविल अस्पताल में आई फ्लू के करीब 200 मरीज पहुंच रहे हैं, जिसमें एक चौथाई आई फ्लू से पीड़ित हैं। अभी तक सिविल अस्पताल में ही 1200 से अधिक आईफ्लू के मरीज सामने आ चुके हैं, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हैं।
आई सर्जन डाक्टर पुनीत ढींगरा ने बताया कि बारिश और बाढ़ के बाद गंदगी से इस पर आई फ्लू का प्रकोप अधिक है। उन्होंने बताया कि लगातार इससे पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने आंखों में किसी भी तरह के संक्रमण पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की हिदायत दी है। स्वयं के स्तर पर किसी दवा का इस्तेमाल नहीं करने की भी सलाह दी जा रही है।
दूसरी ओर स्कूलों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी इसके शिकार हो रहे हैं। इसे देखते हुए शिक्षकों ने भी बच्चों को जागरूक करना शुरू कर दिया है। साथ ही संक्रमित बच्चों को स्कूल नहीं आने और आवश्यक एहतियात बरतने की हिदायत दी जा रही है।
-
यह बरतें सावधानी
डाक्टर ने बताया कि आई फ्लू से बचने के लिए सफाई का विशेष ध्यान रखें। हाथ-पैर साफ रखें, आंखों पर हाथ न लगाएं, आई फ्लू के मरीज से दूरी बनाकर रखें, आई फ्लू मरीज का रुमाल, तौलिया ,बेडशीट अलग रखें। इसके बाद अस्पताल में डाक्टर से ट्रीटमेंट करवाएं। आंखों में लाली होना, आंखों का चिपकना, आंखों में खारिश होना आई फ्लू के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसा होने पर तुरंत डाक्टर को चेक करवाएं।
-