संवाद न्यूज एजेंसी,
अंबाला। भगोड़े आरोपी काकरू निवासी सतबीर की तलाश में आरपीएफ की दबिश जारी है। चार टीमें आरोपी को संदिग्ध ठिकानों पर ढूंढ रही है, हालांकि पांचवें दिन भी आरपीएफ के हाथ खाली ही रहे। प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि आरोपी नशे का आदि है जोकि सामान चोरी करके नशे की आपूर्ति करता था, लेकिन पिछले पांच दिन से आरोपी अपने क्षेत्र में नजर नहीं आया है, हालांकि मुखबिरों का कहना है कि वो जल्द ही वापिस लौटकर आएगा क्योंकि उसे आसपास के क्षेत्रों से ही नशा मिलता था।
यह था मामला
रेल संपत्ति चोरी के मामले में 19 सितंबर को काकरू निवासी सतबीर को आरपीएफ ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। कोर्ट ने आरोपी को दो दिन का रिमांड मंजूर किया था। रिमांड के दौरान जब आरोपी को सोमवार 22 सितंंबर को आरपीएफ टीम पंजाब के लालडू लेकर गई थी ताकि उसके अन्य तीन सहयोगियों की धरपकड़ हो सके। जब टीम उसे रेलवे लाइनों के पास लेकर जा रही थी तो आरोपी टीम को चकमा देकर फरार हो गया। इस संबंध में लालडू के जीआरपी थाने में आरोपी सतबीर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, वहीं आरपीएफ के तीन कर्मचारियों को मामले में निलंबित कर दिया था।