अंबाला। कैंबिनेट मंत्री अनिल विज के निर्देश के बाद 12 क्रॉस रोड के नालों की दशा सुधर नहीं पाई है। एक दो दिन खानापूर्ति करके गाद व गंदगी निकालने का दिखावा किया गया। जबकि मंगलवार को हालात पूर्व की तरह ही नजर आए। महाराज ढाबे के पास पुलिया का निर्माण रुका हुआ था। वहीं नाले से भी गाद नहीं निकाली गई थी। ऐसे ही हालात ग्वालमंडी के पास भी देखने को मिले। नाले में गंदगी और गाद भरी हुई थी और न मौके पर कोई काम चल रहा था और न ही कर्मचारी मौजूद थे।
मंत्री के निरीक्षण के बाद नगर परिषद ने नालों की सफाई से जुड़ दो ठेकेदारों पर जुर्माना लगाते हुए जवाब मांगा था। इसके बाद ठेकेदार ने नालों की सफाई के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के लिए कहा था। मौके के हालात देखकर नजर आया कि पूर्व की तरह ही सेवा समिति चौक के पास नाले में गंदगी अटी हुई थी और निर्माणाधीन नाले से भी मलबा निकालने की कोशिश नहीं की गई थी।
जानकारी के अनुसार शनिवार को हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने लगातार पांच घंटे तक अंबाला छावनी के नालों की स्थिति जानने के लिए धरातल पर उतरकर निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने ठेकेदार सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाई थी। इसके अलावा सेवा समिति चौक के नजदीक रहने वाले लोगों ने बिजली निगम के एक पुराने कंडम कमरे को निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री को दिखाया था। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस कमरे में नशेड़ी नशा करते हैं। मंत्री ने तुरंत प्रभाव से कमरे को तोड़ने के निर्देश दिए थे। अभी तक कमरे को तोड़ने के लिए बिजली निगम की तरफ से कोई भी कार्यवाही नहीं की गई।
ठेकेदारों ने नालों की सफाई के लिए मशीनें लगाने और कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने का लिखित में जवाब दिया है। अगर फिर भी लापरवाही हो रही है तो मौके की जांच करके उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
देवेंद्र नरवाल, कार्यकारी अधिकारी, नप सदर।