अंबाला सिटी। नगर निगम के वार्डों में टेंडर होने के बाद वर्कऑर्डर मिलने पर भी विकास कार्य शुरू नहीं हो रहे। ऐसी समस्या कई वार्डों में आ रही है। कुछ ऐसे वार्ड भी है, जहां पार्षदों की ओर से कार्य करवाने के लिए निगम में सूची दी गई थी। अभी तक इन कार्यों को करवाने के लिए निगम की ओर से कोई रूचि नहीं दिखाई। अब पार्षद शहरी स्थानीय निकाय विभाग में जाने की तैयारी में है।
17 नवंबर को शुरू होना था कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ
पार्षद मेघा गोयल के पति ईशु गोयल ने बताया कि पार्षद मेघा गोयल की ओर से निगम की हाउस बैठक में घास मंडी से जैन मॉडल विद्यालय की सड़क का प्रस्ताव पास करवाया गया था। इस सड़क के कार्य के लिए टेंडर हो चुका है। निगम की ओर से ठेकेदार को टेंडर बीती 21 अप्रैल को दिया गया था। जिसका कार्य 17 नवंबर तक पूरा करना था। अभी तक इस सड़क का कार्य शुरू नहीं हुआ।
2024 में दिए गए कार्यों का अभी तक नहीं हुआ वर्कऑर्डर
वार्ड-10 से पार्षद अधिवक्ता मिथुन वर्मा ने बताया कि वार्ड में विकास कार्यों के लिए उन्होंने 2024 में निगम में लिखकर दिया था। अभी तक इन कार्यों का नगर निगम अधिकारियों की ओर से वकॅऑर्डर नहीं करवाया गया। वह इसकी शिकायत शहरी स्थानीय निकाय विभाग में करेंगे ताकि वार्ड में विकास कार्य हो सकें।
उनका साफ एजेंडा है कि जिन विकास कार्यों का शिलान्यास वह करेंगे, उनका उद्घाटन भी उनकी ओर से ही किया जाएगा। 11 महीने के कार्यकाल में सभी योजनाओं को पूरा किया जाएगा।
- शैलजा सचदेवा, मेयर, नगर निगम।