अंबाला। हरियाणा के गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने छावनी सिविल अस्पताल के समक्ष निरीक्षण किया। यहां एस्केलेटर और ओवरब्रिज बनाया जाना है। इसके बाद उन्होंने आवास पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी और नगर परिषद अधिकारियों से इस मुद्दे पर चर्चा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि एस्केलेटर लगाने के काम को जल्द से जल्द शुरू किया जाए। एस्केलेटर लगाने के लिए हिल रोड के पास पर्याप्त जगह है और सिविल अस्पताल में भी जगह पर्याप्त है। अधिकारियों से इसकी ड्राइंग जल्द बनाने को कहा। साथ ही साइट विजिट करने के निर्देश दिए।
फरियादियों के बीच सुनीं शिकायतें
गृहमंत्री के आवास पर प्रतिदिन सैकड़ों फरियादी पहुंच रहे हैं। सोमवार को विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायत गृहमंत्री ने सुनी और कार्रवाई के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। कैथल से आए फरियादी ने स्कूल को धोखे से अपने नाम कराने, कुरुक्षेत्र से आई महिला ने बेटे की हत्या मामले में जांच कराने, पानीपत में मारपीट मामले में कार्रवाई कराने, छावनी कृष्ण नगर निवासियों ने महेशनगर ड्रेन की सफाई कराने, रामनगर निवासियों ने कालोनी में नालियां अंडर ग्राउंड कराने की समस्याएं रखीं। गृह मंत्री ने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
केसों से निकले किसानों के नाम
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कर्म सिंह मथाना के नेतृत्व में जिलाध्यक्ष मलकीत सिंह, पूर्व प्रधान राकेश, युवा अध्यक्ष गुलाब पुनिया, संगठन सचिव राम सिंह ने मुलाकात की। उन्होंने किसानों के नाम कर्ज मामलों से नाम निकालने पर अनिल विज का आभार जताया। इसी तरह रिंग रोड के निकट सपहेड़ा गांव ट्यूबवेल के कनेक्शन बदलने की मांग को भी उठाया।
कर्मचारियों के लिए लड़ता हूं
हरियाणा कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों ने गृह मंत्री से मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा। इस पर मंत्री ने कहा कि वे हमेशा लड़ते हैं। वे कर्मचारियों के बारे में कुछ बातें जानते ही हैं। कर्मचारियों की मांगों पर पहले से ही वह काम कर रहे हैं। कर्मचारियों को कैश लैस सुविधा देने के लिए वह काफी काम कर चुके हैं जोकि जल्द पूरा होगा।
नकली दवा की जांच गहराई से हो रही
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उनका एफडीए विभाग अच्छा काम कर रहा है और पहली बार एफडीए ने आरोपी को पुलिस में शिकायत न देकर स्वयं पकड़ा है। मुख्य आरोपी का नाम जो इस मामले में आ रहा है, वह तुर्की का निवासी है और उसे मुंबई स्थित होटल से पकड़कर लाया है। विज ने कहा इनका जाल कितना फैला है, कौन-इसमें शामिल है, दवाएं कहां-कहां बनती और स्टोर होती हैं, उसकी जांच की जाएगी।