अंबाला सिटी। मौसम में हो रहे बदलाव के चलते भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है। कई तरह की बीमारियां भी दस्तक देने लगी हैं। इसमें बच्चों की स्थिति अधिक खराब है।
अंबाला शहर के सिविल अस्पताल में 750 मरीजों की सोमवार को ओपीडी रही। इसमें अधिकतर मरीज खांसी, जुखाम, बुखार, अस्थमा, डायरिया, दस्त, पीते की पथरी, किडनी स्टोन और बवासीर जैसी बीमारियों से ग्रस्त मिले। बीमारियों से बचाव के लिए विभिन्न प्रकार से उपाय करने के लिए मरीजों को कहा जा रहा हैं। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने बताया कि मरीजों की संख्या प्रतिदिन की तरह ही रही।
कोई विशेष प्रकार की बीमारी नहीं फैली हुई है। मरीज रोजाना की तरह ही अपनी बीमारियों से संबंधित इलाज करवाने के लिए चिकित्सकों के पास पहुंचे हैं। जहां पर अनुभवी चिकित्सकों की ओर से मरीजों का इलाज किया जा रहा है।
बच्चों का रखें ध्यान : डाॅ. शुभज्योति
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शुभज्योति प्रकाश ने बताया कि ज्यादातर छोटे-छोटे बच्चों में दस्त, खांसी, बुखार, जुकाम, अस्थमा व डायरिया आदि की समस्याएं देखने में मिल रही हैं। इन सभी बीमारियों की रोकथाम करने के लिए बच्चों को बाहरी व्यंजनों से दूर रखें, वहीं फास्ट फूड बच्चों को बहुत हानि पहुंचाता है। जिस क्षेत्र में पानी की गुणवत्ता सही न हो, पानी उबालकर बच्चों को पिलाना चाहिए। पानी शुद्ध न होने के कारण बच्चों में दस्त व डायरिया जैसी बीमारियों दस्तक देती हैं, वहीं बच्चों को बोतल से दूध न पिलाएं और 6 महीने तक मां ही अपने बच्चे को दूध का सेवन करवाएं। समय अनुसार ही बच्चों का टीकाकरण करवाना सबसे जरूरी होता है। यदि टीकाकरण के समय में बदलाव होता है, तब भी बच्चे विभिन्न प्रकार की बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। बच्चों के मामले में सभी अभिभावकों को विशेष ध्यान देने की सख्त जरूरत है।
प्रतिदिन की तरह आज भी मरीजों की संख्या 100 से ऊपर रही, जिसमें ज्यादातर खांसी, जुखाम, बुखार, पेट दर्द, दस्त आदि बीमारियों से ग्रस्त मरीजों की जांच की गई। वहीं मरीजों को बेहतर उपचार के लिए विशेष उपाय भी बताए गए। मौसम में बदलाव है इसलिए ऐसे केस मिल रहे हैं।
डॉ. अर्पिता गर्ग, नागरिक अस्पताल अंबाला सिटी।
ज्यादातर मरीज बुखार, खांसी, जुकाम आदि से ग्रस्त चल रहे हैं। ऐसे में मरीज डाइट पर विशेष ध्यान दें।
डॉ. अंकुश शर्मा, नागरिक अस्पताल, अंबाला सिटी।