अंबाला। अग्निवीर बनने के लिए पुरुष ही नहीं महिलाएं भी कम नहीं हैं। अब महिलाएं भी देश सेवा के लिए पीछे नहीं हैं। ऐसा ही जज्बा तक देखने को मिला। जब महिलाएं अग्निवीर महिला सेना पुलिस में भर्ती के लिए छावनी के खड़्गा स्पोटर्स स्टेडियम में पहुंचीं।
रविवार को अग्निवीर महिला सेना पुलिस में भर्ती के लिए महिला उम्मीदवारों का हुआ शारीरिक परीक्षण हुआ। यह भर्ती कर्नल वीएस पांडेय भर्ती निदेशक आरओ हेडक्वार्टर अंबाला की देखरेख में हुई। इस अग्निवीर महिला सेना पुलिस में भर्ती में हरियाणा, हिमाचल, दिल्ली और चंडीगढ़ की 250 के करीब महिला उम्मीदवारों ने भाग लिया। इस दौरान महिला उम्मीदवारों ने दौड़, चिनअप, डीच, जिगजैग बेलेंस, ऊंची कूद , लंबी कूद व अन्य गतिविधियों में भाग लिया। इस शारीरिक परीक्षण में 57 महिला उम्मीदवार चिकित्सीय परीक्षण के लिए चयनित हुई। अब इन चयनित महिला उम्मीदवारों का सोमवार को चिकित्सीय परीक्षण होगा।
एडीजी स्टेट ने झंडी दिखाकर किया रवाना
अग्निवीर महिला सेना पुलिस में भर्ती के लिए पहुंची महिला उम्मीदवारों के लिए 1600 मीटर की दौड़ रखी थी। इस महिला उम्मीदवारों की दौड़ को मेजर जनरल केपी सिंह वशिष्ठ सेवा मेडल एडीजी स्टेट की ओर से झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ में महिला उम्मीदवारों ने 400 मीटर के चार चक्कर लगाए। इस दौरान महिला उम्मीदवारों के तीन बैच बनाए थे। इसके बाद उम्मीदवारों के चिनअप, डीच, जिगजैग बेलेंस, ऊंची कूद , लंबी कूद और अन्य गतिविधि कराई। दरअसल, छावनी के खड़्गा स्पोर्ट्स में चार फरवरी से अग्निवीरों की भर्ती चल रही है। भर्ती में अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल पंचकूला, चंडीगढ़ और करनाल के युवाओं का फिजिकल लिया जा रहा है। रविवार को हरियाणा, हिमाचल, दिल्ली और चंडीगढ़ की 250 के करीब महिला उम्मीदवारों ने शारीरिक परीक्षण दिया। बता दें अप्रैल 2024 में उम्मीदवारों ने लिखित परीक्षा पास की थी। अब इन्हें शारीरिक और चिकित्सीय परीक्षण के लिए बुलाया था।