दिनभर लोगों को उत्साह से जिसका इंतजार था, वो घड़ी मध्यरात्रि को आ गई। मध्यरात्रि बारह बजे अंबाला के ऐतिहासिक बड़े गिरजाघरों में दुनिया में मसीहा भगवान यीशु के जन्म संस्कार दोहराए गए। गिरजाघरों में मसीहा भगवान यीशू के जन्म हुआ, मसीही गीतों और प्रार्थनाओं से गिरजाघर गूंजे और फिर शुरू हुआ क्रिसमस सेलीब्रेशन। मध्यरात्रि तक चले इस सेलीब्रेशन में जहां क्रिसमस केक काटा गया, वहीं डीजे की धुनों पर भी श्रद्धालु खूब झूमे। इस दौरान गिरजाघरों की खूबसूरती देखने लायक थी। इन गिरजाघरों को विशेष लाइटिंग, सितारों और अन्य सजावटी सामानों से सजाया गया था। आलम यह रहा कि श्रद्धालु मध्यरात्रि तक क्रिसमस सेलीब्रेशन में इस कदर डूबे रहे कि इस सर्द मौसम में भी श्रद्धालुओं को गरमाहट का अहसास महसूस हुआ।
यीशु जन्म के सेलीब्रेशन में डूबे रहे श्रद्धालु
वैसे तो अंबाला सिटी व कैंट के तमाम गिरजाघरों में विशेष पूजन हुआ। लेकिन अंबाला कैंट के सबसे पुराने गिरजाघर कैथोलिक होली रिडीमर चर्च और सीएनआई चर्च सदर बाजार में काफी ज्यादा भीड़ उमड़ी रही। इन गिरजाघरों के बाहर मेले जैसा माहौल बना रहा। जबकि भीतर सुंदर झांकियों ने मन मोह लिया। ये झांकियां प्रभु यीशु, पिता जोसफ और माता मरियम व उनके अनुयायी से संबंधित थी। इन झांकियों में दर्शाया गया था कि किस तरह से भगवान यीशु का जन्म हुआ? खास बात यह रही कि ये झांकियां इतनी नैचुरल और थी इसकी छटा देखते ही बनती थी। रात को बारह बजे विशेष पूजा की तैयारियां चलती रही, लेकिन इन गिरिजाघरों में रात्रि नौ बजे से ही चहल-पहल शुरू हो गई। श्रद्धालु धीरे-धीरे आते गए और झांकियों को देखकर चर्च में अपना स्थान लेते रहे।
इनके अलावा अंबाला के मारथोमा सीरियन चर्च, आर्थोडाक्स सीरियन चर्च व सेंट पाल चर्च में भी विशेष पूजा की गई। मारथोमा सीरियन चर्च में पास्टर शेखर, सुमित, गुलाब मसीह, संदीप, विलियम्स मसीह, विजय मसीह, कैनस, नीलम रत्न लाल, अंजना लाल समेत अन्य कई श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान यीशू के जन्मदिन के अवसर पर पूजा की।
उधर, होली रिडिमर चर्च व सीएनआई चर्च में रात्रि बारह बजते ही भगवान यीशू के जन्म संस्कारों को शुरू किया गया। मसीही गीतों के माध्यम से बताया गया कि भगवान यीशू का जन्म हो गया है, उसके बाद सभी ने एक-दूसरे को भगवान यीशू की बधाई दी। होली रिडीमर चर्च में बारह बजे शुरू हुई ये विशेष पूजा और जन्म संस्कार करीबन एक बजे तक चले। उसके बाद क्रिसमस केक काट गया और प्रसाद वितरित किया गया। उसके बाद अन्य वाद्य यंत्रों पर श्रद्धालु भगवान यीशू के जन्म पर खूब झूमे। इस दौरान आरकेस्ट्रा पार्टी ने भी अपनी शानदार प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। स्कूली छात्राओं ने भी शानदार मसीही गीत पेश कर समां बांध दिया। सभी ने गले मिलकर एक-दूसरे को बधाई दी।