भुवनेश्वर में हुई नेशनल जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में पदक लेकर लौटे खिलाड़ियों को बधाई देते हुए
- भुवनेश्वर में हुई जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में योगेश्वर व साहिल ने रजत और ईशान ने जीता है कांस्य पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। उड़ीसा के भुवनेश्वर में 25 से 28 अप्रैल तक हुई जूनियर व सीनियर नेशनल जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में पदक जीतकर लौटे अंबाला के तीन जिम्नास्टिक खिलाड़ियों ने हरियाणा के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज से मुलाकात की। मंत्री ने योगेश्वर व साहिल रजत पदक विजेता व ईशान कांस्य पदक विजेता को 2100-2100 रुपये की नकद राशि देकर पुरस्कृत किया। साथ ही जिम्नास्टिक कोच सतपाल छाबड़ा को भी बधाई दी।
खेल विभाग की तरफ से भी मिलती है नकद राशि
कोच सतपाल छाबड़ा ने बताया कि जिम्नास्टिक फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 25 से 28 अप्रैल तक आयोजित इस प्रतियोगिता में अंबाला के 8 लड़कों और 2 लड़कियों ने हरियाणा की टीम का प्रतिनिधित्व किया था। खेल विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक विजेता खिलाड़ियों को नकद राशि का अवार्ड भी दिया जाता है, जिसमें स्वर्ण पदक के लिए 3 लाख रजत पदक के लिए 2 लाख व कांस्य पदक के लिए 1 लाख रुपए सम्मानित राशि के रूप में नकद पुरस्कार राशि दी जाती है।