-केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल करेंगे शिरकत, रेलवे ने पूरी की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। देशव्यापी 19वें रोजगार मेले के तहत आज शनिवार को अंबाला में भी जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। सुभाष पार्क स्थित बीपीएस तारामंडल में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के लिए चयनित 120 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।
इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल शिरकत करेंगे। वे अपने हाथों से नवनियुक्त युवाओं को उनके जीवन की नई पारी के लिए नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल में इस आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तारामंडल परिसर को नवनियुक्त युवाओं और उनके परिजनों के स्वागत के लिए विशेष रूप से सजाया गया है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, नए कर्मचारियों के आने से अंबाला डिवीजन के कार्य संचालन और जनसेवा को और अधिक मजबूती मिलेगी। इस मौके पर अंबाला मंडल के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहेंगे।
रेलवे को मिलेंगे 60 युवा
अंबाला केंद्र पर जिन 120 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाने हैं, उनमें से आधे यानी 60 उम्मीदवार अकेले उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल में शामिल होने जा रहे हैं। शेष 60 युवाओं को गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और वित्तीय सेवा विभाग जैसे अन्य केंद्रीय विभागों में तैनात किया जाएगा।
पीएम मोदी सुबह 11 बजे वर्चुअली जुड़ेंगे
समारोह की शुरुआत सुबह होगी। इसके बाद ठीक 11 बजे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अंबाला सहित देश भर के 47 केंद्रों से सीधे जुड़ेंगे। प्रधानमंत्री रिमोट का बटन दबाकर देश भर के 51 हजार से अधिक युवाओं को डिजिटल माध्यम से नियुक्ति पत्र जारी करेंगे और इस 19वें रोजगार मेले को संबोधित भी करेंगे।