संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। अग्रसेन चौक पर झाड़-फूंक से शुगर का इलाज करने का झांसा देकर एक अज्ञात ठग बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां उतरवाकर भाग गया। ठग ने महिला के पति को बाहर लड्डू लेने भेज दिया और मौका पाते ही गहने लेकर चंपत हो गया।
सेक्टर-9 थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अमीपुर गांव निवासी 70 वर्षीय अंगूरी देवी ने बताया कि वह पिछले काफी समय से शुगर की बीमारी से पीड़ित हैं। 4 नवंबर की सुबह करीब 9:30 बजे वह अपने पति गुरनाम सिंह के साथ सिटी दवाई लेने आई थीं। जब वे अग्रसेन चौक पर बस से उतरे, तो वहां उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति मिला।
-
बिजली कार्यालय के पार्क में बिछाया जाल
शातिर ने दंपती को बातों में उलझाया और दावा किया कि वह झाड़-फूंक शुगर की बीमारी बिल्कुल ठीक कर देता है। वह दोनों को बहला-फुसलाकर पास ही स्थित बिजली कार्यालय के पार्क में ले गया और वहां पत्थर की बेंच पर बैठा दिया। इसके बाद आरोपी ने महिला के पति गुरनाम सिंह को पूजा/प्रसाद के नाम पर बाजार से लड्डू खरीदने भेज दिया। पति के जाते ही आरोपी ने बुजुर्ग महिला को अपनी बातों के जाल में फंसाया और झाड़े के बहाने उनके कानों से सोने की बालियां उतरवा लीं। गहने हाथ में आते ही आरोपी वहां से रफूचक्कर हो गया। पति जब वापस लौटा, तो ठगी का अहसास हुआ। पीड़िता ने बताया कि वे अपने स्तर पर और रिश्तेदारों में आरोपी की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
-
पीड़िता अंगूरी देवी की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटनास्थल का मुआयना किया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सतीश कुमार, जांच अधिकारी, सेक्टर 9 थाना।