अंबाला सिटी। सुल्तानपुर चौक पर बुधवार दोपहर सड़क हादसा हो गया। हरियाणा रोडवेज की तेज रफ्तार बस ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग बड़ी घेल निवासी बलबीर कुमार (65) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी ललिता गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बड़ी घेल निवासी बलबीर कुमार (65) अपनी पत्नी ललिता के साथ बाइक पर सवार होकर रायपुररानी जा रहे थे। बलबीर कुमार घर पर ही टेलरिंग का काम करते थे। बताया जा रहा है कि उनके छोटे बेटे सुमेश की एक माह पहले ही शादी हुई थी और वे बहू के मायके जा रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे जब वे सुल्तानपुर चौक पार कर रहे थे, तभी चंडीगढ़ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी।
राहगीरों ने तुरंत दोनों को लहूलुहान हालत में पास के हिलिंग टच अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही बलबीर कुमार का बड़ा बेटा मनीष अस्पताल पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। हादसे में ललिता की एक टांग टूट गई है। संवाद