संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी के साथ मिलकर आतंकी साजिश को अंजाम देने की फिराक में घूमते पकड़े गए तीनों आरोपियों को सुरक्षा एजेंसियां निशानदेही के लिए राजस्थान व पंजाब में अलग-अलग ठिकानों पर लेकर गई है।
पूछताछ में सामने आया कि हर आरोपी को इस काम के लिए 50 से 60 हजार रुपये मिलने थे लेकिन यह राशि खाते में आने से पहले ही वह पकड़े गए। अजमेर के दिल्ली गेट लोंगिया मोहल्ला निवासी अकबर अली के निवास पर रविवार को एजेंसी ने दबिश दी। जहां से कुछ अहम दस्तावेज कब्जे में लिए।
उधर, आरोपी अकबर के भाई अली असगर ने कहा कि 8 मार्च को सुबह 6 बजे अकबर घर से जयपुर से दिल्ली जाने के लिए निकला था। वह एक हजार रुपये लेकर गया था। रात को फिर फोन पर 500 रुपये मांगे थे। इसी मामले में चौथे आरोपी मक्खनदीन की भी पंजाब के अमृतसर में पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की बात सामने आ रही है लेकिन अभी तक अंबाला पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।