संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। धान की फसल में बौने पौधे (फिजी वायरस) के कारण किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। कई किसान ऐसे भी हैं, जिन किसानों के खेतों में प्रति एकड़ महज तीन क्विंटल तक ही धान निकल रहा है। ऐसे में किसानों को इस बीमारी के कारण आर्थिक संकट झेलना पड़ रहा है। इसके साथ ही बारिश व जलभराव के कारण प्रभावित हुई फसल का मुआवजा भी नहीं मिला। यही नहीं पौधे बौने होने के कारण किसानों के खेतों का सर्वे भी प्रशासन ने नहीं करवाया।
माजरी गांव के रहने वाले किसान गुरमीत सिंह ने बताया कि उनकी फसल में बौना पौधा रहा। इस वजह से खेत में फसल के उत्पादन पर असर पड़ा। उनके दो एकड़ में से सिर्फ 5 क्विंटल धान निकला है। प्रति एकड़ ढाई क्विंटल धान निकला है। सरकार को किसानों को प्रति एकड़ के हिसाब से 15 हजार रुपये मुआवजा देना चाहिए।
माजरी के रहने वाले किसान रणजीत सिंह ने बताया कि उनकी पांच एकड़ में धान की फसल फिजी वायरस यानि बौने पौधे होने से खराब हो गई। उनके खेत से भी प्रति एकड़ करीब 2 क्विंटल की पैदावार हुई है। इससे उनको आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
दौदपुर गांव के रहने वाले किसान परविंद्र सिंह ने बताया कि उनकी ढाई एकड़ फसल कटी है। इसमें से सिर्फ 10 क्विंटल की पैदावार हुई है। इस बार फिजी वायरस व जलभराव के कारण फसल में नुकसान हुआ है। उन्होंने ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर मुआवजे के लिए आवेदन किया हुआ है। अभी तक मुआवजा नहीं मिला है।
क्रॉप कटिंग के आधार पर ही किसानों को मिलेगा मुआवजा
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. जसविंद्र सैनी ने बताया कि बौना पौधा बीमारी के संबंध में विभाग की ओर से सर्वे किया गया था। इसके तहत उन किसानों को ही मुआवजा मिलेगा, जिन किसानों ने बीमा करवाया हुआ है। यह मुआवजा क्रॉप कटिंग के आधार पर दिया जाएगा। इसके अलावा बारिश व जलभराव के लिए राजस्व विभाग की ओर से सर्वे किया गया है। इस सर्वे के आधार पर भी किसानों को मुआवजा दिया जाना है।