अंबाला। छावनी नागरिक अस्पताल में अब बायो मेडिकल वेस्ट से इंफेक्शन फैलने का खतरा नहीं रहेगा। अस्पताल प्रबंधन की तरफ से बायो मेडिकल वेस्ट के लिए अस्पताल परिसर में ही पोस्टमार्टम रूम के पास अलग-अलग से डंपिंंग जोन बना दिया है।
इसके लिए बाकायदा तीन कमरों की बिल्डिंग तैयार की गई है। इसमें वर्गों के अनुसार ही बायो मेडिकल वेस्ट डाला जाएगा। ऐसे में यह अस्पताल के वार्ड, ओपीडी और आईपीडी ब्लॉक से भी काफी दूर है इसलिए मरीजों को इंफेक्शन फैलने का खतरा भी नहीं रहेगा।
दरअसल, पहले बायो मेडिकल का वेस्ट अस्पताल के आईपीडी ब्लॉक की बिल्डिंग में एक किनारे का जमा किया जाता था। उसके बाद बायो मेडिकल वेस्ट उठाने के लिए आने वाली संबंधित कंपनी को दे दिया जाता था। ऐसे में अगर कुछ दिन यह कूड़ा रह गया तो इंफेक्शन फैलने का भी खतरा बना जाता है।
ऐसे में नए डंपिंग प्वाइंट के निर्माण से न केवल बायो मेडिकल वेस्ट दूर गिराया जाएगा बल्कि अगर कुछ रखना भी पड़े तो यह मरीजों से दूर होगा। इसके अलावा बायो मेडिकल वेस्ट को उठाने वाले गाड़ी सीधा ही पार्किंग से होते हुए डंपिंंग जोन तक जाएगी, वहां से सीधा ही पार्किंग से होते हुए पिछले गेट से निकल जाएगी। ऐसे में कहीं भी मरीजों या तीमारदारों से संपर्क में नहीं आएगी।
निरीक्षण टीम भी उठा चुकी सवाल
दरअसल, अस्पताल में एनक्वास और कायाकल्प की टीमें भी अस्पताल का कई बार निरीक्षण कर चुकी हैं। टीमें मरीजों को दी जाने वाले सुविधाओं के अलावा अस्पताल से निकलने वाले बायो मेडिकल वेस्ट का भी जायजा लेती है। बाकायदा उसके निस्तारण के बंदोबस्त का भी जायजा लेती है। उन्होंने ने भी निरीक्षण में मेडिकल बायो वेस्ट का अलग से डंपिंग जोन होने की बात कहीं थी।