अंबाला छावनी के विजय रत्न चौक के पास नाले में फैंका जा रहा कूड़ा। संवाद
अंबाला। नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण हालात बद से बद्दतर होते जा रहे हैं। लोगों ने गंदगी से निपटने के लिए इसमें आग लगानी शुरु कर दी है ताकि बदबू से निजात मिल सके। वहीं कुछ लोगों ने बड़े नालों को अपना ठिकाना बना लिया है। ऐसे में नगर परिषद द्वारा किए जा रहे सफाई के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। जबकि दूसरी तरफ घरों में लगे निजी सफाई कर्मचारी भी ऐसी गलियों में गंदगी फेंक रहे हैं जोकि लोगों के आवागमन का रास्ता है। हालांकि नगर परिषद ने दावा किया था कि वो डोर-टू-डोर कर्मचारियों की मदद से कूड़ा उठाने का काम करवा रहे हैं।
बढ़ रही परेशानी
छावनी के प्रमुख नालों में गंदगी का आलम है। प्रमुख बाजार को तो साफ करवाया जा रहा है ताकि दुकानदारों और बाजार आने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े, लेकिन गली-मोहल्लों में न तो सफाई हो रही है और न ही गंदगी का उठान हो रहा है। मजबूरी में लोग या तो गंदगी को खाली प्लाटों में फेंक रहे हैं या फिर बड़े नालों में। ऐसे हालात छावनी के राम नगर में स्थित नाले और सदर बाजार में विजय रत्न चौक के पास नाले को देखकर नजर आए। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि सुबह-सवेरे ही लोग बोरियों व पॉलिथीन में भरकर कूड़ा लाते हैं और यहां फेंककर चले जाते हैं। इसमें निजी सफाई कर्मचारी भी शामिल हैं जोकि दुकानों व शोरूम आदि पर काम करते हैं।
तीन दिन और बढ़ी हड़ताल
सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल को तीन दिन यानी 14 मई तक बढ़ा दिया है। मंगलवार को 12 वें दिन भी सफाई कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यालय परिसर में रोष जताया और इसके बाद प्रमुख बाजारों में एक रोष रैली भी निकाली। रैली को जिला प्रधान सेवा राम बोहत ने संबोधित किया और कहा कि सरकार की हठधर्मिता के कारण पूर्व के समझौतों से संबंधित अधिसूचना जारी नहीं की जा रही। जब तक राज्य कार्यकारिणी की तरफ से कोई निर्देश नहीं मिलते, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
रोडवेज यूनियन ने भी दिया समर्थन
रोडवेज वर्कशॉप में सर्व कर्मचारी संघ की बैठक में सरकार के खिलाफ रोष जताया गया। जिला प्रधान इंद्र सिंह बधाना की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में रोडवेज यूनियन ने नगरपालिका और अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल को अपना पूर्ण समर्थन दिया। यूनियन नेताओं ने कहा कि सरकार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के अदालती आदेश को लागू करने में देरी कर रही है। इसके विरोध में 17 मई को रोहतक कन्वेंशन और 20 मई को बिजली मंत्री के आवास पर होने वाले प्रदर्शन में रोडवेज कर्मचारी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। इस दौरान सीटू नेता सतीश सेठी ने भी संबोधित किया । बैठक में विकास वर्मा, रविंद्र शर्मा व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
अंबाला छावनी के विजय रत्न चौक के पास नाले में फैंका जा रहा कूड़ा। संवाद