फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चिट्टे की जद में शहजादपुर, ओवरडोज से मर रहे युवा

विज्ञापन
druges - फोटो : AMBALA
विज्ञापन
हरियाणा सरकार जहां एक ओर नशे के नेटवर्क पर नकेल कसने को लेकर भरसक प्रयासों में जुटी है, वहीं पंजाब की सीमा से सटे अंबाला के खंड शहजादपुर के गांवों में नशा तस्करों ने अपनी जड़ें खासी मजबूत कर ली है। इन नशा तस्करों व इस धंधे से जुड़े स्थानीय लोगों को यहां पुलिस का कोई डर नहीं है। कई गांवों में तो दुकानों व घरों तक में बेखौफ नशा बेचा जा रहा है। जबकि इस क्षेत्र में कई ऐसे अड्डे हैं, जहां पंजाब से आकर नशा तस्कर युवाओं को इस लत में फंसाकर नशा बेचते हैं।
विज्ञापन

ग्रामीणों ने बताया कि इन अड्डे पर युवाओं को चिट्टा व इंजेक्शन बेचे जाते हैं और यहीं बैठकर युवा नशे का सेवन भी करते हैं। कई गांवों में आलम यह है कि नशे की ओवरडोज से कई युवा व अन्य लोग काल का ग्रास बन चुके हैं। मंगलवार को नशे के खिलाफ इसी ब्लॉक के गांव बिलासपुर में महिलाओं ने हल्ला बोलते हुए नशे के खिलाफ जबरदस्त हंगामा किया। इन महिलाओं ने पुलिस के खिलाफ भी जमकर गुस्सा उतारा। इन महिलाओं का कहना है कि उनके गांव के ही कई युवा व किशोर इस नशे की जद में फंसकर अपनी जान गंवा चुके हैं। शहजादपुर ब्लाक में जटवाड़, बिलासपुर, भड़ौग, नसरौली, पटवी, डेहरी, फतेहगढ़, तसड़ौली, धनाना, मुकंदपुर, पतरहेड़ी, रजौली, बपौली, गड़ौली इत्यादि गांव ऐसे हैं, जहां नशा तस्करों ने अपना जाल पुख्ता ढंग से बिछा रखा है। यह गांव पंजाब सीमा के निकटवर्ती स्थित है।
ग्रामीण महिलाओं का हल्ला बोल, पुलिस को अल्टीमेटम
शहजादपुर के बिलासपुर गांव निवासी अंग्रेजों, गुरमैलो, प्रकाशो, परमजीत कौर, जीतो, रमेश कौर, ज्ञानों, कुसूम रानी, लक्ष्मी, कश्मीरी देवी, शीला देवी, सोनिया, सुलोचना देवी, शंकुतला देवी, कमलेश, बलविंद्र कौर, निर्मला, सत्या देवी, जोगेंद्र कौर इत्यादि महिलाओं ने बताया कि गांवों में कई दुकानों व घरों में आराम से नशा उपलब्ध हो जाता है। कई लोग नशे की गोलियां, चिट्टा, चूरा पोस्त व गंदी शराब का कारोबार चला रहे हैं और युवाओं व किशोरों को इसका आदी बना रहे हैं। जबकि इंजेक्शन व अन्य तरह के नशे के लिए गांवों से बाहर कुछ सुनसान अड्डे हैं, जहां युवाओं का जमावड़ा लगा रहता है और वहीं नशा बिकता है और वहीं बैठकर युवा, किशोर व अधेड़ लोग भी नशा करते हैं। महिलाओं ने बताया नशा तस्करों व इसका कारोबार करने वालों के हौसले इतने बुलंद है कि वे विरोध करने वाले ग्रामीणों को खुले आम धमकी देकर चलते बनते हैं। महिलाओं का कहना है कि वे कई बार स्थानीय पुलिस को इसकी शिकायत कर चुके हैं। मगर पुलिस कोई सुनवाई नहीं करती। उनके अनुसार जब पुलिस पर ज्यादा दबाव पड़ता है तो पुलिस रेड मारती है, मगर हैरत की बात यह कि पुलिस रेड से पहले नशा तस्करों व नशे के धंधे से जुड़े लोगों को इसकी सूचना मिल जाती है, जिसके बाद वे अपना सामान ठिकाने लगा देते हैं। इतना ही नहीं रेड के बाद स्थानीय ग्रामीणों को देख लेने की धमकी देकर डराया-धमकाया जाता है। महिलाओं ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सात दिन के भीतर उनके इलाकों से नशा तस्करों का सफाया नहीं हुआ तो वे अंबाला एसपी कार्यालय के बाद धरने पर बैठ जाएंगी। महिलाओं ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मांग की है कि उनकी इस समस्या पर ध्यान देते हुए अंबाला पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश दिए जाएं।
विज्ञापन

नशे से बिखरे परिवार : किसी ने बेटा खोया, किसी ने पति
- गांव जटवाड़ निवासी विजय शर्मा ने बताया कि उनका 22 साल का इकलौता बेटा विगत माह घर से गया था और संदिग्ध परिस्थतियों में पॉवरहाउस के पास सुनसान इलाके में मिला। उसकी पीठ पर तीन इंजेक्शन के निशान से। उन्होंने बताया कि नशे की ओवरडोज से उनके बेटे की जान गई है। उन्होंने पुलिस को शिकायत दी हुई है, मगर आज तक नशा तस्करों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज उनके बेटे का जन्मदिन है और पूरा परिवार गमगीन है।
- गांव बिलासपुर की बलविंद्र कौर ने बताया कि उसका 21 साल का बेटा नशीले कैप्सूल का सेवन करता था। नशे की हालत में घर आया और संदिग्ध हालत में मर गया।
- कृष्णी देवी ने बताया कि उसका 40 साल का बड़ा और 35 साल का छोटा बेटा दोनों ही चिट्टे का नशा करते थे। दोनों बेटे नशे की लत में ही खत्म हो गई। अब परिवार इस बात से और टूट चुका है कि उसका 15 साल का पोता भी नशे की लत में पड़ गया है।
- दबी आवाज में सोनिया ने बताया कि उसका 30 वर्षीय पति कुछ दिन पहले गांव भर में नशे की हालत में घूम रहा था और लोगों से नशे के लिए रुपये मांग रहा था। रात को नशे में धुत घर आया, उल्टी हुई और कुछ देर बाद उसके पति ने दम तोड़ दिया।
- नम आंखों के साथ सावित्री देवी ने बताया कि उसका 34 साल का बेटा नशे की लत में ऐसा पड़ा कि नशे ने उसकी जान ले ली। अब घर के हालात इतने खराब है कि उसके पोतों की पढ़ाई व घर का गुजर-बसर का खर्च उसके बस की बात नहीं है। रोते हुए सावित्री ने कहा कि ‘गांवों से नशा निकलवा दो, छोरे मरदे देखे नहीं जाऊंदे।’
ग्रामीणों ने बताए नशा तस्करों व नशेड़ियों के अड्डे
उक्त स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यहां क्षेत्र में कुछ अड्डे ऐसे हैं जहां नशा तस्कर और इस कारोबार से जुड़े लोग नशा तस्करी और नशे की खरीद-फरोख्त कर यहीं युवाओं व किशोरों को अपने चुंगल में फंसाते हैं। इन अड्डों में गांव भड़ोग का जंगलात इलाका, छज्जू माजरा बस स्टैंड के पास, जटवाड़-पॉवरहाउस ग्रिड के पीछे का इलाका, फतेहगढ़-तसड़ौली के बीच गुजरने वाली नदी के पास सुनसान घना जंगलात इलाका (यहां सबसे ज्यादा लगता है जमावड़ा) व जटवाड़ टायर फैक्टरी व लुक प्लांट के पीछे सुनसान इलाका शामिल है।
नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई
जनवरी 2019 से जून 2019 तक अंबाला पुलिस ने एक्साइज एक्ट के तहत 46 केस दर्ज किए है। इन मामलों में पुलिस ने काफी संख्या में अवैध शराब पकड़ी, जिसमें कई लोगों की गिरफ्तार भी किया गया। इसके अलावा पुलिस ने 1 जनवरी से 30 जून तक एनडीपीएस एक्ट के अधीनस्थ 60 केस दर्ज किए। जबकि पिछले साल इन्हीं छह महीनों के अंतराल में इन मामलों की संख्या 44 थी। अंबाला पुलिस का दावा है कि इन सभी मामलों में तफ्तीश की जा रही है। जबकि कुछ नशा तस्करों की भी धरपकड़ की गई है।
स्थानीय पुलिस प्रशासन को कई बार शहजादपुर ब्लाक के गांवों में बढ़ती नशे की समस्या से अवगत करवाया जा चुका है। महिलाएं शहजादपुर थाना में जाकर एसएचओ से भी गुहार लगा चुकी हैं। मगर कोई सुनवाई नहीं कर रहा और यह समस्या बहुत ज्यादा गंभीर और युवाओं के लिए खतरनाक बनती जा रही है।
- रजनीश शर्मा, वाइस चेयरमैन, जिला परिषद, अंबाला
हमारे गांव में ही पिछले कुछ माह में तीन युवकों की नशे की लत में फंसकर जान जा चुकी है। एक परिवार तो अपना इकलौता बेटा नशे की वजह से खोने के बाद गांव ही छोड़कर जा चुका है। कई गांवों के सरपंचों ने संयुक्त पत्र एसपी अंबाला को सौंपा था। मगर उसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
- मामराज, सरपंच, गांव जटवाड़
शहजादपुर गांवों में नशा तस्करों की शिकायत मुझे मिली है। हम इस पर काम कर रहे हैं। एक टास्क फोर्स इस काम के लिए विशेष तौर पर गठित की गई है। गांवों में बढ़ते नशे के नेटवर्क को पुलिस जरूर तोड़ेगी। नशा तस्करों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।
विज्ञापन

- अभिषेक जोरवाल, एसपी अंबाला-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें