बराड़ा मोहल्ले की बिजली ठीक करने को लेकर पड़ोसियों में जमकर खूनी संघर्ष हुआ। झगडे़ में एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के एक युवक पर चाकू से कई बार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस झगड़े में दो लोग घायल भी हो गए हैं। बताया गया है कि मृतक की एक सात साल की बेटी भी है।
रेलवे कॉलोनी निवासी माया रानी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसका पति मोहन मोहन (45) पेंट करने का काम करता है। सोमवार की रात 9:30 बजे के करीब उनके मोहल्ले की लाइट खराब हो गई। जिससे पूरे मोहल्ले में अंधेरा छा गया। पीड़िता ने कहा कि मोहल्ले में लाइट न होने के कारण वह अपने पति मेाहन कुमार व देवर अनिल कुमार के साथ बाहर गली में खड़ी थी। तभी उनके पड़ोसी राहुल व सुमित लाइट को ठीक करने लगे। तो उसके देवर अनिल कुमार ने भी उसके घर की लाइट ठीक करने के लिये बोल दिया। इसी बीच झगड़ा शुरू हो गया। सुमित व राहुल अनिल कुमार से गाली गलौच करने लगे। इस दौरान सुमित ने अपने हाथ में पकड़ा डंडा अनिल के सिर पर मार दिया। झगड़ा बढ़ता देख मोहन ने अपने भाई अनिल कुमार को छुड़वाने का प्रयास किया। तो गुस्साए दोनों भाई राहुल व सुमित मोहन को अपने घर में खींच ले गए और चाकू से उस पर कई वार कर डाले। जिससे मोहन लहूलुहान हो गया। माया रानी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायल मोहन को एमएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मोहन को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार, चाकू जांघ पर लगने के कारण मोहन का खून बहुत बह चुका था। जिसके चलते उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।