अंबाला। सर्दी बढ़ने के साथ ही सुबह और रात को कोहरे के दौरान अंबाला पुलिस ने वाहन चालकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने और यातायात के नियमों पर पूरी तरह से ध्यान रखकर वाहन चलाने की हिदायत दी है।
अंबाला पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि घने कोहरे में सड़क के बाएं किनारे को देखकर गाड़ी चलाएं। कोहरे में सड़क पर सुरक्षित चलने का अच्छा तरीका है कि आगे वाले वाहन से गाड़ी निश्चित दूरी पर चलाएं। वाहन की हेड लाइट को हाइबीम पर न रखें। हाईवे पर सड़कों के किनारे बनी पीली लाइन को फॉलो करके भी आसानी से गाड़ी चलाई जा सकती है।
वाहन चलाते समय कहीं मुड़ना है तो काफी पहले से इंडिकेटर दें, जिससे दूसरी गाड़ियों को टाइम मिल सके। हेडलाइट बंद करके सिर्फ फाग लाइट जलाना खतरनाक हो सकता है, क्योंकि दूर से आने वाले वाहनों को अकेली फाग लाइट दिखाई नहीं देती। वाहन चालक अपने वाहनों में फाग लाइट आवश्यक तौर पर लगवाएं, यह धुंध को काटने में मददगार साबित होती हैं।
कोहरा हो तो चालक अपने वाहन की गति तेज न रखें। कोहरे के वक्त आगे चल रहे किसी वाहन को ओवरटेक न करें। वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर जरूर लगाएं। होटल या ढाबे के आगे वाहनों को सड़क पर खड़ा ना करें।
थाना प्रभारियों को जागरूकता फैलाने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को ठंड व धुंध के चलते अपने- अपने क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है ताकि किसी सड़क दुर्घटना की पुनरावृति ना होने पाए। इस संबंध में उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को भी निर्देश दिये हैं कि वे अपने क्षेत्र में जागरूकता फैलाकर वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगवाना सुनिश्चित करें तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।