सड़क पर खड़ा श्रतिग्रस्त ट्रक।
- फोटो : Ambala
अंबाला सिटी। बेकाबू कैंटर ने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक चालक को चपेट में ले लिया। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि आरोपी कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी कैंटर चालक की तलाश की जा रही है। हादसा अंबाला-राजपुरा हाईवे स्थित मंजी साहिब गुरुद्वारे के पास हुआ। मृतक चालक की पहचान गाजियाबाद निवासी सोनू के रूप में हुई।
घटनाक्रम के अनुसार ट्रक चालक सोनू और राजीव कुमार साथ-साथ ऋषिकेश से ट्रक लेकर पंजाब के बनूड़ जा रहे थे। इस दौरान चालक सोनू को वाहन में तकनीकी खराबी का आभास हुआ। इसके बाद सोनू ने दूसरे ट्रक चालक राजीव को फोन कर तकनीकी खराबी होने के बारे में जानकारी दी और गाड़ी को साइड में लगाने के लिए कहा। इसके बाद दोनों ने हाईवे किनारे ही ट्रक को रोक लिया। ट्रक अंबाला-राजपुरा हाईवे स्थित मंजी साहिब गुरुद्वारे के पास रुके थे। इस दौरान दोनों ही तकनीकी खामी को ढूंढने लगे। वाहन की जांच के बाद जब वो दुबारा चलने के लिए तैयार थे। तभी पीछे से आ रहे बेकाबू कैंटर ने सोनू को चपेट में ले लिया। हादसे में गभीर रूप से जख्मी सोनू को अस्पताल लाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने दूसरे ट्रक चालक मुजफ्फरनगर के गांव खरड़ निवासी राजीव कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए कैंटर चालक की तलाश शुरू कर दी है।