अंबाला। किसान आंदोलन के चलते आरएएफ बटालियन की ड्यूटी में लगी प्राइवेट गाड़ी के चालक से सायरन बजाने पर गाली-गलौज और मारपीट हो गई। घायल चालक जंडली निवासी बबलू सिंह ने आरोप लगाया है कि निजी बस के परिचालक ने नशे की हालत में मारपीट की।
गाड़ी में आरएएफ के अधिकारी मौजूद होने के बाद भी नहीं रुका। अंबाला सिटी की चौकी नंबर-2 पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस को दी शिकायत में राजपुरा के धमौली गांव निवासी बबलू सिंह ने बताया कि वह मौजूद समय में जंडली में किराये पर रह रहा है और शांति नगर में रोहित शर्मा के पास ड्राइवरी करता है। रोहित शर्मा की टैक्सी को आरटीओ अंबाला की ओर से किसान आंदोलन के चलते शंभू बॉर्डर पर लगाया है।
उनकी गाड़ी आरएएफ की बटालियन 106 में लगी है। 13 मार्च की शाम वह गाड़ी में आरएएफ के शैलेंद्र कुमार सिंह, सहायक कमांडेंट सरोज कुमार झा व गनमैन हैड कांस्टेबल चंदन सिंह को लेकर शंभू बॉर्डर से अंबाला सिटी की तरफ आ रहा था। जैसे ही वह शाम के समय पुलिस चौकी नंबर-2 क्षेत्र स्थित पीली कोठी के नजदीक पहुंचा तो वहां पर जाम लगा हुआ था। जैसे ही उसने गाड़ी का सायरन बजाया तो उनकी गाड़ी के पास एक प्राइवेट बस का परिचालक नशे की हालत में आया और गलीगलौज शुरू कर दी।