पानीपत। एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस टीम ने सेक्टर-25 जिमखाना क्लब के पास से शनिवार शाम चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी मोनू निवासी सौंधापुर नशे की लत पूरी करने के लिए वाहनों की चोरी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी सोमवार को अदालत के सामने पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एंटी व्हीकल थेप्ट इंचार्ज राकेश ने बताया कि शनिवार शाम को उनकी टीम सेक्टर-25 में गश्त कर रही थी उसी समय सूचना मिली कि एक युवक जिमखाना क्लब के पास खड़ा है, जिसके पास चोरी की मोटरसाइकिल होने की आशंका है।
टीम ने तुरंत दबिश देकर आरोपी मोनू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मोटरसाइकिल उसने 12 अप्रैल की रात अपने दोस्त ऋषिपाल के साथ मिलकर बिंझौल से सौंधापुर रोड पर हैंडलूम फैक्टरी के बाहर से चोरी की थी। वह नशा करने का आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए रुपयों की जरूरत पड़ी तो उसने वाहन चोरी करना शुरू कर दिया। आरोपी मोनू जींद में लूट के मामले में जेल गया था। छह माह पहले ही वह जमानत पर बाहर आया था।