फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambala News: बिजली खंभा लगाने से पीने की पाइपलाइन टूटी, पांच कॉलोनियों में आ रहा गंदा पानी

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबाला सिटी। बिजली खंभा लगाने के दौरान टूटी पीने के पानी की लाइन को ठीक करने के लिए दो सरकारी विभाग आमने-सामने आ गए हैं। दोनों विभाग पानी की लाइन को ठीक करने की बजाय एक-दूसरे पर लापरवाही का ठीकरा फोड़ रहे हैं। विभागों की इस लापरवाही का खामियाजा शहर के बादशाही बाग, मानव चौक, कोर्ट रोड, मिलाप नगर और महेंद्र नगर के पांच कॉलोनियों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
विज्ञापन

दरअसल, करीब सप्ताह पहले बिजली निगम की ओर से इन क्षेत्रों में बिजली खंभे लगाए गए थे। खंभे लगने से बादशाही बाग के पास पीने के पानी की लाइन टूट गई। जिस कारण अब घरों में गंदा पानी आ रहा है। इससे क्षेत्र में बीमारियां फैलने का डर भी सताने लगा है, क्योंकि इस पानी में नाले का पानी भी जा रहा है।
15 दिन से आ रहा गंदा पानी, लाइन को कोई नहीं कर रहा ठीक
बादशाही बाग के स्थानीय निवासी वीके शर्मा रणबीर सिंह कीर, हिमांशु गोयल, जोध सिंह, दिलजीत सिंह पुनिया, विपुल, मिलाप नगर से सुभाष ग्रोवर ने बताया कि उनके घरों में करीब 15 दिन से गंदा पानी आ रहा है। पानी से बदबू आती है। कई बार जनस्वास्थ्य विभाग और बिजली निगम के अधिकारियों को इस बारे में अवगत करवाया गया है। अभी तक दोनों विभागों की ओर से लाइन को ठीक करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। इस वजह से लोगों को पीने के पानी के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
विज्ञापन

बिना अनुमति के लगाए जा रहे खंभे, करवाएंगे कानूनी कार्रवाई
जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीई जतिंद्र सिंह ने बताया कि बिजली निगम की ओर से बिना अनुमति के रात में खंभे लगा दिए जाते हैं। पिछले दिनों में प्रेम नगर, जीत ढाबा के पास, सौंडा गांव, बादशाही बाग गुरुद्वारा के पास, रणजीत नगर में पानी की पाइप लाइन तोड़ी दी गई हैं। लाइन को ठीक करवाने के लिए ईस्ट उपमंडल एसडीओ से बातचीत हुई थी। उनको कहा गया था कि लाइन को ठीक करवाने के लिए सामान दिया जाए, क्योंकि उनके कर्मचारियों की ओर से लाइन तोड़ी गई है। अगर शुक्रवार को बिजली निगम की ओर से उनको सहयोग नहीं किया गया तो वह कानूनी कार्रवाई करवाएंगे।
नहीं पता पानी की लाइन कहां
बिजली निगम अंबाला शहर डिवीजन के कार्यकारी अभियंता सुखबीर सिंह ने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से पानी की लाइन के बारे में पूछकर ही बिजली निगम की ओर से खंभे लगाए जाते हैं। कई बार विभाग के कर्मचारियों भी नहीं पता होता की नीचे कहां से पानी की लाइन जा रही है। कार्य करते समय ऐसी दिक्कत आ जाती हैं। जनस्वास्थ्य विभाग को तुरंत लाइन को ठीक करना चाहिए। अगर कोई विभागीय मसला है, वह बाद में भी सुलझाया जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें