अंबाला। गृहमंत्री अनिल विज ने सोमवार को अपने आवास पर विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतें सुनी। इस दौरान करनाल से आए लोगों ने गृहमंत्री को शिकायत दी कि उनके गांव से पिछले कुछ महीनों से कई किशोरियां लापता हो चुकी हैं। लोगों ने कहा, उन्हें शक है कि कोई गिरोह उन्हें बहकाकर ले जा रहा है। गृहमंत्री ने एसपी करनाल को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी तरह कुरुक्षेत्र में बच्ची से दुराचार करने के प्रयास के मामले में एसपी कुरुक्षेत्र को कड़ी कार्रवाई के निर्देश मंत्री विज ने दिए।
रायवाली में बेटे की हत्या के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर गृहमंत्री विज ने एसपी अंबाला को निर्देश दिए। इसी प्रकार, पलवल में हत्या के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर परिवार के सदस्यों ने गृहमंत्री को शिकायत दी। इस पर एसपी पलवल को कार्रवाई के निर्देश दिए। कुरुक्षेत्र निवासी युवकों ने बताया कि सिंगापुर से वह लॉकडाउन के दौरान अपनी पढ़ाई अधूरी छोड़कर वापस आ गए थे। इसके बाद एक युवती ने पढ़ाई पूरी कराने की एवज में तीन युवकों से नौ लाख रुपये की ठगी की। गृहमंत्री विज ने एसपी कुरुक्षेत्र को कार्रवाई के निर्देश दिए।