जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित केंद्र की प्रगति रिपोर्ट में चौंकाने वाले आंकड़े आए सामने
माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित केंद्र की प्रगति रिपोर्ट में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। सितंबर 2019 से लेकर सितंबर 2026 तक केंद्र में 1,427 मामले दर्ज किए गए। इनमें सबसे अधिक 539 मामले घरेलू हिंसा से जुड़े हैं।
वहीं पीड़ित महिलाओं के लिए बनाए गए वन स्टॉप सेंटर सितंबर 2019 से किराए के भवन में चल रहा है। हालांकि, केंद्र की अपनी नई इमारत के निर्माण के लिए सरकारी जमीन चिह्नित कर ली गई है। यह जमीन कोर्ट परिसर में ऑब्जर्वेशन होम के सामने अंबाला शहर में स्थित है।
घरेलू हिंसा के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। वर्ष 2019 में जहां घरेलू हिंसा के केवल 3 मामले आए थे, वहीं 2025 में यह संख्या बढ़कर 101 और सितंबर 2026 तक रिकॉर्ड 145 पर पहुंच गई। घरेलू हिंसा के बाद गुमशुदगी और अपहरण के 151 मामले दर्ज हुए हैं।
वर्ष दर वर्ष बढ़ता गया शिकायतों का दायरा
वर्ष 2019 (सितंबर से) में कुल 4 मामले दर्ज हुए थे, जो 2020 में 102, 2021 में 147, 2022 में 215, 2023 में 231, 2024 में 184, 2025 में 236 और वर्ष 2026 में सितंबर माह तक बढ़कर 308 तक पहुंच गए। यह आंकड़ा स्पष्ट करता है कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों को लेकर जागरूकता तो बढ़ी है, लेकिन साथ ही ऐसे मामलों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। महिला थाना प्रभारी सुरेखा ने बताया कि महिलाओं में जागरुकता के कारण अब मामले सामने आने लगे हैं। हालांकि उन्होंने बताया कि अभी वह हाल ही में स्थानांतरित होकर आई हैं।
प्रमुख मामले एक नजर में
घरेलू हिंसा : 539 मामले
गुमशुदगी/अपहरण : 151 मामले
घर से भागना : 87 मामले
साइबर क्राइम : 43 मामले
फोन स्टॉकिंग: 29 मामले
यौन उत्पीड़न: 15 मामले
एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर: 14 मामले
बाल मजदूरी: 13 मामले
पड़ोसियों से विवाद: 11 मामले
बाल विवाह: 10 मामले
पॉक्सो: 9 मामले
मानसिक प्रताड़ना: 8 मामले
धमकी देना: 3 मामले
दुष्कर्म : 2 मामले
पॉश उल्लंघन: 1 मामला
अन्य मामले: 492 मामले