उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा घरेलू बिजली की दरों में 16.43 प्रतिशत कमी की गई है। कम की गई यह दरें 1 अप्रैल 2015 से ही प्रभावी होंगी। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम अम्बाला सर्कल के अधीक्षक अभियंता वी.के. खुराना ने बताया कि बिजली के अत्याधिक बिलों को लेकर जनता द्वारा की जा रही शिकायत के मद्देनजर हरियाणा इलेक्ट्रिसिटी रैगुलेटरी कमीशन ने दरों में कमी करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि नई दरों से 101 यूनिट से लेकर 500 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को 50 पैसे प्रति यूनिट की दर से लाभ मिलेगा। इसके अलावा 500 से लेकर 800 यूनिट बिजली खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को भी निचली बिल स्लैब का लाभ प्राप्त होगा।
2 किलोवाट लोड तक के घरेलू बिजली कनैक्शनों पर मंथली मिनीमम चार्जिज में भी 5 रुपये प्रति किलोवाट की दर से छूट दी गई है और इसे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। जो उपभोक्ता बढ़ी हुई दरों से बिजली जमा करवा चुके हैं उन्हें नई दरों के मुताबिक संशोधित बिल उपलब्ध करवाए जा रहे हैं और जमा करवाई गई अधिक राशि को उनके आगामी बिलों में एडजेस्ट किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने बढ़ी हुई दरों के बिलों का भुगतान नहीं किया है वे भी नई दरों के मुताबिक संशोधित बिल के आधार पर अपने बिल जमा करवा सकते हैं। ऐसे उपभोक्ता जिन्हें अभी तक ऐसे बिल जारी नहंी किये गये थे उन्हें भी संशोधित दरों से बिल जारी किये जाएंगे।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए उन्हें बिलों की बकाया राशि 5 किश्तों में जमा करवाने की छूट दी गई है और उन पर कोई सरचार्ज नहीं दिया जायेगा। उपभोक्ता संशोधित बिजली दरों सहित बिजली बिलों से संबंधित किसी भी मामले के लिए उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के किसी भी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
ये हैं नई दरेंअधीक्षक अभियंता ने बताया कि नई दरों के मुताबिक वर्ग एक के तहत 50 यूनिट खपत करने वाले उपभोक्ताओं को 2 रुपये 70 पैसे प्रति यूनिट, 51 से 100 यूनिट बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को 4 रुपये 50 पैसे प्रति यूनिट की दर से बिल दिए जाएंगे।
वर्ग दो के तहत 150 यूनिट तक उपभोक्ताओं को 4 रुपये 50 पैसे की दर से भुगतान करना होगा जबकि 151 से 250 तक बिजली खपत के लिए 5 रुपये प्रति यूनिट, 251 से 500 यूनिट तक बिजली खपत पर 6 रुपये 5 पैसे तथा 501 से 800 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को 6 रुपये 75 पैसे प्रति यूनिट की दर से बिजली बिल अदा करना होगा।