गांव सारंगपुर में आवारा कुत्तों ने उस समय साढ़े चार साल की बच्ची को नोच डाला, जब वह खेतों के पास बने ट्यूबवेल पर खेल रही थी। उसके नाना व नानी खेतों में थे और जब वे बच्ची को देखने के लिए खेत में पहुंचे तो देख कर हैरान रह गए कि बच्ची को कुत्ते नोच रहे हैं। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। इस घटना से जहां पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं बच्ची के घर गांव वजीदपुर में शव का दाह संस्कार किया गया।
अंबाला के साहा हलके के गांव वजीदपुर की रहने वाली साढ़े चार साल की बच्ची नैंसी नग्गल क्षेत्र के गांव सारंगपुर में अपने नाना व नानी के घर कुछ दिन पहले रहने के लिए आई थी।
नैंसी के नाना सोमनाथ ने बताया कि बुधवार को वह अपने गांव के खेतों में घास काटने के लिए गया था। उसकी पत्नी रोशनी भी नैंसी को लेकर खेतों में आ गई। उसकी पत्नी ने नैंसी को ट्यूबवेल पर बिठाया और घास काटने के लिए चली गई। उन्होंने बताया कि कुछ देर के बाद जब वे ट्यूबवेल पर पहुंचे, तो देखा कि करीब छह आवारा कुत्ते बच्ची को नोच रहे थे। यह देखकर से स्तब्ध रह गए और शोर मचाया। उन्होंने बताया कि कुत्तों के इस हमले में बच्ची की मौत हो गई।
कुछ दिन पहले ही नाना के घर आई थी बच्ची
ग्रामीणों का कहना है कि है कि बच्ची नैंसी बड़ी तेज दिमाग थी। कुछ दिन पहले ही बच्ची को स्कूल में एडमिशन दिलाया था। स्कूल से छुट्टियां पडने के बाद बच्ची गांव सारंगपुर में अपने नाना के घर अपनी मां के साथ आई हुई थी। बच्ची के नाना सोमनाथ ने बताया कि पहले भी बच्ची उनके साथ खेत में चली जाती थी, लेकिन आज उनके साथ ऐसा होगा, उन्हें इस बात का अंदेशा नहीं था।
आवारा कुत्ते बन रहे हैं खतरा
जिला भर में आवारा कुत्ते लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। प्रशासन की ओर से इनको काबू करने के लिए कोई ठोस कदम तक नहीं उठाये गए हैं। कुत्तों द्वारा काटने के कईं मामले सामने आ चुके हैं, जिन में लोगों को अपना इलाज तक करवाना पड़ा है। निगम के पास भी ऐसा कोई प्लान नहीं है कि इन आवारा कुत्तों से निजात दिला सके। ट्विन सिटी के हर गली मोहल्लों में आवारा कुत्तों की भरमार है, जिसके कारण लोगों में भी दहशत है। कईं बार यह आवारा कुत्ते वाहन चालकों पर भी हमला करते हैं, जिससे हादसे हो चुके हैं।
डॉग बाइट के कुछ मामले
- कुछ दिन पहले रात्रि गश्त पर निकले एक पुलिस कर्मी को कुत्ते ने काटा
- गांव रवालों के रहने वाले गुलशन के बेटे को आवारा कुत्ते ने काटा
- गांव धुरकड़ा में एक व्यक्ति को कुत्ते ने काटा, जिसके बाद उन्हें इलाज करवाना पड़ा
- कैंट सदर क्षेत्र में आवारा कुत्ते ने कई लोगों को काटा, जिसे निगम की टीम ने काबू किया
आवारा कुत्तों की समस्या बढ़ रही है। इसके लिये निगम सतर्क है और जल्द ही इसके लिए कोई न कोई हल अवश्य निकाला जाएगा।
रमेशमल, मेयर (नगर निगम, अंबाला)